नशा तस्करों पर पुलिस की कार्यवाही, अब 26 वर्षीय युवक से पकड़ी हेरोइन
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में नशा तस्करों पर पुलिस लगातार कार्यवाही कर रही है। कभी गश्त, कभी नाकाबंदी तो कभी गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस इन नशा तस्करों को पकड़ने में कामयाबी हासिल कर रही हैं। इसी कड़ी में एक बार फिर पुलिस ने युवक को हेरोइन की खेप सहित हिरासत में लिया है।
पुलिस थाना झाखड़ी की टीम जब बशरा खड्ड के पास पहुंची तो उनकी नजर एक युवक पर पड़ी जोकि पैदल ही आ रहा था। पुलिस को जब युवक की गतिविधियों पर संदेह हुआ तो उसे पकड़ कर तलाशी ली गई। इस दौरान आरोपी के कब्जे से हेरोइन बरामद हुई जोकि 5.68 ग्राम पाई गई।
लिहाज़ा 26 वर्षीय अजय चौहान पुत्र हिम्मत सिंह निवासी ग्राम तंगरू पोस्ट ऑफिस झाकड़ी तहसील रामपुर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया है। मामले की पुष्टि डीएसपी चंद्र शेखर ने की है।