नशे की खेप सहित पुलिस के हत्थे चढ़ी महिला
HNN / काँगड़ा
जिला के फतेहपुर थाना की पुलिस टीम ने एक महिला को नशे की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पहचान अंजू बाला निवासी बनाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार पुलिस टीम में शामिल हेड कांस्टेबल संजीव कुमार, कांस्टेबल सुरेश कुमारी और होम गार्ड राजीव कुमार गश्त पर थे।
इस दौरान बनाल के समीप एक महिला रात को सड़क पर बैठी हुई थी। महिला ने जैसे ही सामने पुलिस को देखा वह घबरा गई और पीछे तेज-तेज कदमों से चलने लगी। पुलिस को जब महिला पर शक हुआ तो उन्होंने उसका पीछा किया। अपने पीछे पुलिस को आता देख महिला घबरा गई और उसने हाथ में पकड़ी एक पुड़िया सड़क पर फ़ेंक दी।
पुलिस ने महिला को काबू कर फ़ेंकी हुई पुड़िया को चैक किया, तो उसमें 7.27 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की पुष्टि डीएसपी ज्वाली मनोज कुमार ने की है।