Loading...

नशे तस्करों पर कार्यवाही के लिए प्रदेश सरकार बनाएगी सलाहकार बोर्ड- सीएम सुक्खू

Ankita • 23 Mar 2023 • 1 Min Read

सीएम बोले – नशा तस्करों की संपत्तियों को किया जाएगा जब्त

HNN/ शिमला

हिमाचल में नशे का कारोबार पूरी तरह से फलफूल रहा है। जिसपर अंकुश लगाने के लिए सुक्खू सरकार ने एक बड़ा ऐलान किया है। बता दें मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नशे तस्करों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष टास्क फोर्स टीम तैयार की है।

सीएम सुक्खू ने कहा कि बुराई पर रोक, ड्रग माफिया पर कार्यवाही के लिए प्रदेश सरकार सलाहकार बोर्ड बनाएगी और नशा तस्करों की संपत्तियों को जब्त किया जाएगा। राज्य में नशे की समस्या से निपटने के लिए बुधवार देर शाम मुख्यमंत्री ने पुलिस, गृह और विधि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में यह जानकारी साझा की।

इसके लिए विशेष कार्य बल का भी गठन किया जाएगा। सीएम ने बैठक में जानकारी दी कि नशीले पदार्थों के कारोबार पर निगरानी के लिए प्रिवेंशन ऑफ इलिसिट ट्रैफिक इन नारकोटिक्स ड्रग्ज एंड साइकोट्रोपिक सबस्टांसेज एक्ट के अंतर्गत सलाहकार बोर्ड का गठन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने तथा खुफिया सूचनाओं को साझा करने के लिए केंद्र सरकार के सहयोग से एक प्रभावी तंत्र विकसित करने के प्रयास किए जाएंगे और केंद्रीय कानून में आवश्यक संशोधन का भी आग्रह किया जाएगा।

नशे के आदी लोगों को समाज की मुख्यधारा में वापस लाने के लिए राज्य में एक आधुनिक नशामुक्ति और पुनर्वास केंद्र स्थापित किया जाएगा। इन केंद्रों से उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाया जाएगा। यह केंद्र कुशल सहायक कर्मचारियों के साथ आधुनिक सुविधाओं से युक्त होंगे।