HNN/ ऊना
जिला ऊना में क्षेत्रीय अस्पताल के लेबर रूम में महिला रोगी के नशे में धुत्त तीमारदारों ने एक चिकित्सक से दुर्व्यवहार किया है। जिसके बाद धक्का-मुक्की करते हुए दोनों तीमारदार मौके से फरार हो गए।
आरोपियों की पहचान रामपाल व उसका साथी मुनीष कुमार के रूप में हुई है। वहीं चिकित्सक खिमित जैन ने इस बाबत पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता के आधार पर पुलिस ने दोनों व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के डॉक्टर खिमित जैन ने बताया कि वह वीरवार रात को अस्पताल में ड्यूटी दे रहा था। उसने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे उमा देवी निवासी टटेहड़ा रैफर केस आया, जिसे तुरंत ही लेबर रूम में ले जाया गया।
उमा देवी की स्थिति देखने के बाद जब महिला के पति रामपाल को बताना चाहा, तो रामपाल व एक अन्य व्यक्ति ने दुर्व्यवहार किया और चिल्लाना शुरू कर दिया। चिकित्सक का आरोप है कि दोनों नशे की हालत में थे।
धक्का-मुक्की होते देख ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने समझाना चाहा, लेकिन उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया। डॉक्टर ने तुरंत ही इसकी सूचना सुरक्षा कर्मियों व पुलिस को दी।
पुलिस को सूचित करते ही रामपाल व उसका साथी मुनीष कुमार मौके से फरार हो गए। चिकित्सक का कहना है कि दोनों ने सरकारी कर्मचारी के कर्तव्य में बाधा डाली है। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ने की है।

