नशे में धुत कार चालक ने फार्मेसी के 3 प्रशिक्षुओं को मारी टक्कर, घायल
HNN/मंडी
जिला मंडी के बल्ह में कार की टक्कर से सड़क किनारे पैदल चल रहे फार्मेसी के 3 प्रशिक्षु घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायलों की पहचान आशीष शर्मा पुत्र प्रदीप शर्मा गांव व डाकखाना चोलगगढ़ तहसील संघोल जिला मंडी, प्रियंका और भावना के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आशीष शर्मा, प्रियंका और भावना शांति निकेतन फार्मेसी कॉलेज मलथेहड में पढ़ाई कर रहे हैं। इस दौरान वह सड़क पर पैदल चल रहे थे। इसी दौरान गलमा की तरफ से राजकुमार 25 निवासी गांव मलथेहड़ डाकखाना रत्ती तहसील बल्ह जिला मंडी अपनी कार से तेज रफ्तार से आया और अचानक ही ब्रेक लगा दी।
जिससे गाड़ी अचानक घूम गई और इन तीनों से टकरा गई। हादसे में तीनों प्रशिक्षु घायल हो गए। जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों के बयान के आधार पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया।
जिसके बाद उन्होंने कार सवार युवक को गिरफ्तार किया और उसका मेडिकल करवाया। प्रारंभिक जांच में चालक नशे में होना पाया गया है। डीएसपी मुख्यालय देवराज ने मामले की पुष्टि की है।