नहीं रहे द्रंग के पूर्व विधायक गौतम दीनानाथ शास्त्री, हार्ट अटैक से निधन
HNN/ मंडी
जिला मंडी के द्रंग विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं समाजसेवी गौतम दीनानाथ शास्त्री का सोमवार शाम को ह्रदयघात से आकस्मिक निधन हो गया। वे लगभग 84 साल के थे। सोमवार को अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जोनल अस्पताल मंडी लाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
दीनानाथ शास्त्री का जन्म 28 सितंबर 1939 द्रंग के भटवाड़ी गांव में हुआ। दीनानाथ शास्त्री शिक्षक आंदोलन के नेता रहे। शिक्षकों की समस्याओं को लेकर उन्होंने समय समय पर अपनी प्रखर आवाज बुलंद की।
1990 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर का विजयी रथ रोककर विधानसभा की दहलीज में कदम रखा, जहां प्रखर वक्ता शैली से एक अलग नई पहचान बनाई। दीनानाथ शास्त्री के 2 बेटे व 1 बेटी है।