नहीं रहे महिंद्रा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन केशब महिंद्रा, 99 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
भारत के सबसे उम्रदराज अरबपति और महिंद्रा एंड महिंद्रा के एमेरिटस चेयरमैन केशब महिंद्रा का आज बुधवार 12 अप्रैल को निधन हो गया। 99 वर्ष की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली।
हाल ही में जारी फोर्ब्स की 2023 की बिलेनियर्स लिस्ट में उन्हें भारत के 16 नए अरबपतियों में शामिल किया गया था। वे अपने पीछे 1.2 अरब डॉलर की संपत्ति छोड़ गए हैं।
उन्होंने 48 वर्षों तक महिंद्रा ग्रुप का नेतृत्व करने के बाद 2012 में चेयरमैन का पद छोड़ दिया था। दिवंगत का जन्म 9 अक्टूबर 1923 को शिमला में हुआ था। उन्होंने 1947 में अपने पिता की कंपनी में काम करना शुरू किया था।
इसके बाद 1963 में उन्हें महिंद्रा ग्रुप का चेयरमैन बनाया गया था। केशब महिंद्रा, उद्योगपति आनंद महिंद्रा के चाचा थे और अभी तक महिंद्रा एंड महिंद्रा के चेयरमैन एमेरिटस थे। साल 2012 में उनके ग्रुप चेयरमैन पद से रिटायर होने के बाद आनंद महिंद्रा को ये जिम्मेदारी मिली थी।