नाकाबंदी के दौरान ट्रक से पकड़े खैर के मोच्छे, चालक गिरफ्तार
HNN/कांगड़ा
जिला कांगड़ा में नूरपुर क्षेत्र के अटाहड़ा चौक में पुलिस ने एक ट्रक में खैर के मोच्छे बरामद किए हैं। पुलिस ने इस मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ट्रक चालक की पहचान राजेश कुमार निवासी संतवां (फतेहपुर) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस चौकी गंगथ की टीम ने सुबह अटाहड़ा चौक पर नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान उन्होंने एक ट्रक को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान ट्रक से भारी मात्रा में खैर के मोच्छे बरामद हुए। जब पुलिस ने ट्रक चालक से इससे संबंधित दस्तावेज दिखाने को कहा तो चालक कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
जिसके बाद उन्होंने चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया और धारा 379 और वन अधिनियम की धारा 41, 42 के तहत उसे गिरफ्तार किया। डीएसपी विशाल वर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए खैर के मोच्छों की कीमत करीब अढ़ाई लाख रुपये आंकी गई है।