नाकाबंदी के दौरान पकड़े लकड़ियों से भरे दो ट्रक, चालक गिरफ्तार
HNN/सोलन
जिला सोलन में पुलिस थाना धर्मपुर के अंतर्गत जाबली के पास लकड़ियों से भरे दो ट्रक पकड़े गए हैं। पुलिस ने दोनों ट्रक चालकों को गिरफ्तार कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। ट्रक चालकों की पहचान गुरदेव सिंह निवासी रामशहर, जिला सोलन और मनोज कुमार निवासी बिलासपुर के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना धर्मपुर की टीम ने जाबली में नाकाबंदी की हुई थी।
इस दौरान उन्होंने सोलन की तरफ से एक ट्रक नंबर एचपी-64बी-0757 को जांच के लिए रोका। जांच के दौरान उसमें लकड़ी पाई गई। जब पुलिस ने चालक गुरदेव सिंह को लकड़ियां ले जाने के संबंध में दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा तो उसने एक ही प्रमाण पत्र पेश किया। लेकिन उसमें वन विभाग की कोई भी मुहर नहीं लगी थी। वहीं ट्रक के साथ एक अन्य ट्रक नंबर एचपी-24सी-0212 भी था। उसके अंदर भी लकड़ियां पाई गई।
जब पुलिस ने इस ट्रक के चालक मनोज कुमार से कागजात दिखाने के लिए कहा। तो वह भी कोई कागजात पेश नहीं कर पाया। जिसके बाद उन्होंने दोनों ट्रक चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया और आगामी कार्यवाही शुरू की। एएसपी सोलन योगेश रोल्टा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दोनों चालकों से पूछताछ की जा रही है।