Loading...

नाकाबंदी के दौरान पिकअप गाड़ी से बरामद हुए देवदार के स्लीपर, चालक गिरफ्तार

PARUL • 27 Dec 2023 • 1 Min Read

HNN/मंडी

जिला मंडी में वन और पुलिस विभाग ने झटिंगरी के पास एक पिकअप गाड़ी से देवदार के 41 स्लीपर पकड़े हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर गाड़ी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। चालक की पहचान दीप कुमार निवासी गांव डलाह, डाकघर और तहसील पधर जिला मंडी के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन और पुलिस विभाग ने झटिंगरी के पास वन उपज और वन्य जीव की अवैध तस्करी को रोकने के लिए नाकाबंदी की हुई थी।

इसी दौरान बरोट टिक्कन की तरफ से घटासनी की ओर आ रही पिकअप गाड़ी को चेकिंग के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान पिकअप गाड़ी से देवदार के 41 स्लीपर बरामद किए गए। जब विभाग की टीम ने गाड़ी चालक से लकड़ी ले जाने से संबंध में दस्तावेज पेश करने को कहा तो चालक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

जिसके बाद पुलिस ने गाड़ी को लकड़ी समेत कब्जे में ले लिया और अवैध तस्करी के मामले में चालक को गिरफ्तार किया। डीएसपी पधर संजीव सूद ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अवैध लकड़ी की खेप तस्करी कर कहां से लाई जा रही थी। इस मामले में छानबीन जारी है। उन्होंने बताया कि पकड़ी गई लकड़ी की कीमत वन विभाग 3,12,817 रुपये आंकी है।