नादौन में चोरी का खुलासा , नाबालिग बेटे ने iPhone खरीदने के लिए मां के गहने गिरवी रखकर लिया लोन
Himachalnow / हमीरपुर
नादौन में चोरी के एक मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए नाबालिग बेटे की भूमिका सामने लाई है। आरोपी ने अपनी मां के गहने चुराकर उन्हें गिरवी रखकर करीब तीन लाख रुपए का लोन iPhone खरीदने के लिए लिया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी गहने बरामद कर लिए हैं और मामले की गुत्थी सुलझा दी है।
नादौन
चोरी की गुत्थी सुलझी
शौक पूरा करने के लिए बच्चे अपने घर को भी नहीं बख्श रहे। ऐसा ही एक मामला नादौन में पेश आया है, जहां पुलिस ने 2 दिन पहले हुई चोरी की गुत्थी सुलझाई और इसके पीछे मकसद की कहानी भी सामने आ गई। पुलिस जांच में अहम खुलासा हुआ कि नाबालिग बेटे ने आईफोन खरीदने के साथ-साथ अन्य शौक पूरा करने के लिए अपनी मां के गहने चुराए थे। इन गहनों की एवज में उसने करीब तीन लाख रुपए का लोन लिया था।
शिकायत और जांच
जानकारी के अनुसार नादौन थाना में मुकेश कुमार निवासी गांव गगाल, डाक्टी भरमोटी, नादौन द्वारा शिकायत दर्ज करवाई गई कि उसकी पत्नी के सोने के गहने घर की अलमारी से चोरी हो गए हैं। शिकायत में मांग टीका, दो नथ, दो जोड़ी झुमके तथा दो अंगूठियां चोरी होना बताया गया। इस संबंध में पुलिस थाना नादौन में मामला दर्ज किया गया।
नाबालिग की भूमिका सामने आई
पुलिस जांच के दौरान पाया गया कि शिकायतकर्ता का बेटा नाबालिग है, जिसने पूछताछ में बताया कि उसने उक्त सोने के गहने कृष कौंडल पुत्र स्व पवन कुमार निवासी गांव कुठार, भरमोटी नादौन को दे दिए थे। आगे पूछताछ करने पर सामने आया कि कृष कौंडल ने अपनी बहन निशा कुमारी निवासी टिल्लू, डाक्टर बेला, नादौन के साथ मिलकर उक्त गहनों को फाइनेंस कंपनी नादौन शाखा में गिरवी रखकर गोल्ड लोन प्राप्त किया।
गहनों की बरामदगी
पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए गिरवी रखे गए गहनों को बरामद किया गया। बरामद गहनों का कुल वजन लगभग 31.77 ग्राम है। बरामद गहनों की पहचान शिकायतकर्ता की पत्नी द्वारा की गई, जिन्होंने पुष्टि की कि ये गहने उन्हीं के हैं। थाना प्रभारी निर्मल सिंह ने बताया कि चोरी हुए गहने बरामद किए हैं और मामले की गुत्थी सुलझा ली गई है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।