Loading...

नाबालिग लड़की की हत्या करने के मामले में आरोपी गिरफ्तार

PARUL • 25 Dec 2023 • 1 Min Read

HNN/ऊना

जिला ऊना में उपमंडल गगरेट के नंगल जरियाला गांव में नाबालिग लड़की की हत्या के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुनील राणा निवासी संधानी जिला होशियारपुर पंजाब वर्तमान निवासी मवा कोहलां दौलतपुर चौक के रूप में हुई है। आरोपी ने इस वारदात को अंजाम क्यों दिया गया, इसकी जांच पुलिस कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, बीते 11 दिसंबर को दुकान पर गई नाबालिग लड़की का अपहरण हुआ। जिसके बाद उस ही दिन नाबालिग लड़की को एक बाइक चालक के साथ जाते देखा गया था। जांच के दौरान पुलिस को एक व्यक्ति ने बताया कि उसने एक व्यक्ति को कुछ दिन पहले उक्त नाबालिग लड़की को अपनी गाड़ी में जबरन बैठाने का प्रयास करते देखा था। व्यक्ति ने बताया कि जब उसने उस व्यक्ति को ऐसे करने से रोका तो व्यक्ति की उसके साथ बहस भी हुई।

जिसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी सुनील राणा को बुलाकर पूछताछ की। जिस दौरान वह पुलिस के सवालों के संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। आरोपी ने वारदात के दिन जहां होने की बात कही, पुलिस जांच में स्थिति उससे अलग मिली।

जिसके बाद सभी सबूत हत्याकांड के पीछे उक्त व्यक्ति का हाथ होने की ओर इशारा कर रहे थे। जिसके आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर उसके रिमांड की मांग की जाएगी।