नाले में पत्थरों के बीच दबी मिली नवजात बच्ची, क्षेत्र में मचा हड़कंप
HNN / हमीरपुर
हमीरपुर जिले के उपमंडल भोरंज की ग्राम पंचायत पलपल के कस्बा नगरोटा गाजियां में उस समय लोगों में हड़कंप मच गया जब उन्होंने एक नवजात बच्ची का शव नाले में पत्थरों के बीच दबा हुआ देखा। इसके बाद वहां लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई और इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस की टीम ने मौके पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए।
पुलिस को दिए बयान में वहां मौजूद लोगों ने बताया कि वह श्मशान घाट के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति की नजर नाले की तरफ गई जहां उसने देखा कि पत्थर के नीचे कपड़े में कुछ दबा हुआ है। इसके बाद उसने साथ चल रहे लोगों को बताया।
जब वह पास गए, देखा कि कपड़े में कुछ लिपटा हुआ है। थोड़ी ही देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जब पत्थरों के बीच से कपड़े को हटाया तो वहां उपस्थित सभी लोग सन्न रह गए। उन्होंने देखा कि कपड़े में नवजात बच्ची मृत अवस्था में पड़ी हुई थी जो लगभग 7 से 8 महीने की थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। आज पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले का खुलासा होगा। उधर, थाना प्रभारी एसएस धीमान ने बताया कि बच्ची के शव को कब्जे में ले लिया गया है, आगामी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।