नाहन उपमंडल में वर्ष 2023 में आग के इतने मामले आए सामने…..
HNN/ नाहन
वर्ष 2023 अपनी खट्टी मीठी यादों के साथ विदा हो गया है। वहीं वर्ष 2023 में नाहन अग्निशमन विभाग ने आग की घटनाओं में 18 करोड़ की संपत्ति बचाई है। जबकि 69 आग के मामलों में 93 लाख 27 हजार 300 रूपए का नुकसान लोगों को उठाना पड़ा।
नाहन अग्निशमन केंद्र में वर्ष भर में कुल 73 मामले सामने आए। जिसमें से तीन मामले गाय और बैल को रेस्क्यू करने के एक मामला आपदा का तथा 69 मामले आग के आए। 69 आग के मामलों में लोगों की संपत्ति को 93 लाख 27 हजार 300 रूपए का नुकसान हुआ। जबकि अग्निशमन विभाग ने मौके पर पहुंचकर 18 करोड़ 1 लाख 30 हजार की संपत्ति को बचाया।
जनवरी माह में अग्निशमन विभाग के पास तीन मामले गाय बैल रेस्क्यू करने के आए। फरवरी माह में तीन मामले आग के आए, जिसमें 4600 रूपए का नुकसान हुआ तथा 12 लाख की संपत्ति को बचाया गया। मार्च माह में आग लगने के आठ मामले सामने आए, जिसमें 25 लाख 15,800 रूपए का नुकसान हुआ तथा एक करोड़ 37 लाख की संपत्ति को बचाया गया।
वहीं अप्रैल माह में आग लगने की 11 घटनाएं सामने आई। जिसमें 81,700 का नुकसान हुआ तथा 4 करोड़ 23 लाख रुपए की संपत्ति को बचाया गया। मई माह में सबसे अधिक आग लगने के 28 मामले सामने आए। जिसमें की 26 लाख 40 हजार रुपए का नुकसान हुआ तथा 5 करोड़ 63 लाख 58000 की संपत्ति को बचाया गया।
जून माह में आग लगने की आठ घटना हुई। जिनमें 7 लाख 29 हजार 600 रूपए का नुकसान हुआ तथा 35 लाख 50 हजार की संपत्ति को बचाया गया। जुलाई माह में रेस्क्यू के दो मामले सामने आए, जिसमें दो गायों को बचाया गया।
अगस्त माह में हुई भारी बारिश के चलते कंडईवाला में आए आपदा के लिए किए गए रेस्क्यू में डेढ़ करोड़ की संपत्ति का नुकसान हुआ तथा 2 करोड़ की संपत्ति को अग्निशमन विभाग ने बचाया। भारी बारिश से हुई आई इस आपदा से एक महिला की जान भी गई। जबकि 18 स्कूल के बच्चों को विभाग की टीम ने रेस्क्यू किया।
वहीं सितंबर माह में कोई भी मामला नहीं आया। अक्टूबर माह में आग लगने की पांच घटनाएं सामने आई, जिनमें 8 लाख 15,300 का नुकसान हुआ तथा एक करोड़ 70 लाख की संपत्ति को बचाया गया। नवंबर माह में आग लगने की चार घटनाएं हुई। जिस में 25 लाख 40,300 रूपए का नुकसान हुआ तथा 2 करोड़ 60 लाख की संपत्ति को बचाया गया।
उधर, नाहन अग्निशमन विभाग के स्टेशन फायर ऑफिसर राजकुमार ने बताया कि विभाग को जैसे ही आग लगने की सूचना मिलती है। 5 मिनट से 30 मिनट के अंदर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच जाती है। जिसमें लोगों के जीवन तथा संपत्तियों को बचाया जाता है। इस वर्ष आग लगने की 69 घटनाओं में 18 करोड़ से अधिक की संपत्ति को बचाया गया।

