Loading...

नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान में मनाई गई महाराणा प्रताप की 483वीं जयंती

Ankita • 9 May 2023 • 1 Min Read

HNN/ नाहन

नाहन जिला सिरमौर के ऐतिहासिक चौगान मैदान में मंगलवार को महाराणा प्रताप की 483वीं जयंती मनाई गई। इस अवसर पर देवभूमि क्षेत्रीय संगठन द्वारा महाराणा प्रताप की जीवनी को सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।

देवभूमि क्षत्रिय संगठन के संस्थापक एवं अध्यक्ष रूमित ठाकुर ने इस महासम्मेलन में सभी अतिथियों के साथ उपस्थित लोगों का सम्मेलन में पहुंचने पर आभार जताया। सम्मेलन में माउंटेन गर्ल बलजीत कौर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि आसमान खुला है मंजिल आगे हैं, जितनी उड़ान भरनी है भर लो।

बलजीत कौर ने कहा कि आज लड़कियां हर क्षेत्र में लड़कों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं। हिमाचल के पहाड़ों ने बहुत कुछ सिखाया है, हिमाचल में महिलाएं दूसरे राज्यों की अपेक्षा सुरक्षित हैं। यहां पर महिलाओं को सम्मान मिलता है। पहाड़ी होने पर शर्म नहीं, गर्व महसूस होता है।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पदम भूषण और अर्जुन अवार्ड से सम्मानित अजय ठाकुर ने कहा कि महाराणा प्रताप जयंती पर इस तरह का कार्यक्रम एक सराहनीय कदम है। अजय ठाकुर ने कहा कि सभी माता-पिता को अपने बच्चों को अपने पूर्वजों का इतिहास जरूर बताना चाहिए।

उन्हें अपने समाज के प्रति जागरूक भी करना चाहिए। कोई संस्थान भारतीय राजाओं के इतिहास की जानकारी दे या ना दे हमें भारतीय राजाओं का इतिहास अपने बच्चों को जरूर बताना चाहिए। अजय ठाकुर ने कहा कि आजकल छोटे बड़े बच्चे सभी नशे के शिकार हो रहे हैं।

हमें अपने बच्चों के साथ दोस्ताना व्यवहार करना चाहिए। महीने में एक बार उनके स्कूल में जाकर उनके अध्यापकों से अपने बच्चों के बारे में तथा उनके व्यवहार की जानकारी अवश्य लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हम लड़कियों के बारे में पूछते हैं कि वह किसके साथ गई थी, वहां गई थी, किसके साथ खेलते हैं, कौन उसकी सहेलियां हैं।

अब समय आ गया कि हमें अपने लड़कों से पूछना चाहिए कि कहां जा रहे हैं, किसके साथ जा रहे हैं, कौन-कौन उनके दोस्त हैं। महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर अजय ठाकुर ने उपस्थित लोगों से अपने बच्चों को नशे से दूर रखने की अपील की। इस अवसर पर गोगी बैंड, राहुल राणा, अखिलेश पांडे, ललिता ठाकुर, यूएस राणा ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया।