Renuka Ji Dam / रेणुका जी बांध परियोजना के दूसरे चरण में 4 गृहविहीन परिवारों की सूची अधिसूचित
Renuka Ji Dam : सिरमौर जिला प्रशासन ने रेणुका जी बांध परियोजना के दूसरे चरण के तहत प्रस्तावित गृहविहीन परिवारों की सूची अधिसूचित कर दी है। उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने बताया कि इस चरण में चार परिवारों को गृहविहीन परिवारों की सूची में शामिल किया गया है। पात्र व्यक्ति 15 जुलाई, 2026 तक अपने दावे और आक्षेप दर्ज करा सकते हैं।
सिरमौर/नाहन
उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने बताया कि महाप्रबंधक, रेणुका जी बांध परियोजना से प्राप्त सूचियों के आधार पर पंचायत एवं राजस्व गांव लाना भाल्टा/बोगली व्यालग/लानामच्छेर के दो परिवार, पंचायत एवं राजस्व गांव संगड़ाह/लग्नू का एक परिवार तथा पंचायत एवं राजस्व गांव जामू कोटी/जामू का एक परिवार गृहविहीन परिवारों की सूची में अधिसूचित किए गए हैं।
15 जुलाई तक देखी जा सकेगी सूची
उन्होंने बताया कि अधिसूचित परिवारों की विस्तृत सूची उपायुक्त सिरमौर की आधिकारिक वेबसाइट तथा संबंधित पटवार वृत्त खाला क्यार, संगड़ाह और लानामच्छेर में 1 जुलाई से 15 जुलाई, 2026 तक अवलोकन के लिए उपलब्ध रहेगी। संबंधित परिवार निर्धारित अवधि के दौरान सूची का अवलोकन कर सकते हैं।
दावे और आक्षेप दर्ज कराने का अवसर
उपायुक्त ने कहा कि जिन लोगों की भूमि या मकान परियोजना के लिए अधिग्रहित हुए हैं, लेकिन उनका नाम सूची में शामिल नहीं है अथवा गलत तरीके से शामिल किया गया है, वे 15 जुलाई, 2026 तक अपने दावे या आक्षेप लिखित रूप में रेणुका जी बांध परियोजना कार्यालय ददाहु, तहसीलदार ददाहु, रेणुका जी स्थित संगड़ाह, नायब तहसीलदार नारग तथा भू-व्यवस्था वृत्त वासनी कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से या पंजीकृत डाक के माध्यम से जमा करा सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाले दावे या आक्षेप स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
