Loading...

सरकारी स्कूलों में 3468 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया जारी, जल्द पूरी होंगी नियुक्तियां : रोहित ठाकुर

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 48 Mins Ago • 1 Min Read

सरकारी स्कूलों में 3468 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया जारी, जल्द पूरी होंगी नियुक्तियां , प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए 3,468 पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज कर दी गई है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने विभागीय समीक्षा बैठक में बताया कि सीबीएसई से संबद्ध सरकारी विद्यालयों के लिए 2,668 नियमित पदों का मामला हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग को भेजा जा चुका है, जबकि 800 अस्थायी अंग्रेजी और गणित अध्यापकों की नियुक्ति भी की जा रही है।

हिमाचल प्रदेश

शिक्षा मंत्री ने बताया कि संस्कृत, शारीरिक शिक्षा, संगीत, ड्रॉइंग, विज्ञान, वाणिज्य, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान, इतिहास, हिंदी, भूगोल, समाजशास्त्र, मनोविज्ञान, कंप्यूटर विज्ञान, ललित कला तथा लोक प्रशासन सहित 19 विषयों के शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना तथा सरकारी विद्यालयों की गुणवत्ता में सुधार लाना है।

डिजिटल शिक्षा और सीबीएसई स्कूलों पर विशेष जोर

बैठक में डॉ. वाई.एस. परमार डिजिटल विद्यार्थी योजना की समीक्षा करते हुए शिक्षा मंत्री ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2022-23, 2023-24 और 2024-25 के दौरान 9,359 विद्यार्थियों को टैबलेट उपलब्ध कराए जा चुके हैं। उन्होंने शेष पात्र विद्यार्थियों को भी डीबीटी के माध्यम से शीघ्र लाभ देने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रदेश के सभी सरकारी विद्यालय आईसीटी से जुड़ चुके हैं। 524 विद्यालयों में पुराने कंप्यूटर बदले जाएंगे तथा 777 विद्यालयों में बेहतर इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बीएसएनएल के साथ नेटवर्किंग प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

सीबीएसई संबद्धता और अन्य भर्तियों की समीक्षा

शिक्षा मंत्री ने बताया कि 158 सरकारी विद्यालयों को सीबीएसई पाठ्यक्रम की स्वीकृति मिली है, जिनमें से 146 विद्यालयों को संबद्धता प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने बताया कि 400 अंग्रेजी और 400 गणित अध्यापकों की अस्थायी नियुक्ति की गई है, जिनमें से 292 अंग्रेजी तथा 284 गणित अध्यापक कार्यभार संभाल चुके हैं। शास्त्री के 191 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके हैं, जबकि 870 पीईटी पदों की भर्ती प्रक्रिया भी जारी है और 355 पदों के लिए काउंसलिंग पूरी हो चुकी है।

मल्टी टास्क वर्कर, विद्यार्थी ऋण योजना और स्कूल पुनर्निर्माण पर भी हुई समीक्षा

बैठक में एसएमसी अध्यापक, कंप्यूटर अध्यापक, एलडीआर मामलों, मल्टी टास्क वर्कर भर्ती, प्रधानमंत्री पोषण योजना, डॉ. वाई.एस. परमार विद्यार्थी ऋण योजना तथा आपदा प्रभावित विद्यालयों के पुनर्निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। शिक्षा मंत्री ने बताया कि 8,000 स्वीकृत मल्टी टास्क वर्कर पदों में से 6,703 पद भरे जा चुके हैं और शेष पदों को जल्द भरने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आपदा से क्षतिग्रस्त विद्यालयों के पुनर्स्थापन कार्यों में तेजी लाने, गैर-कार्यशील केंद्रीय विद्यालयों को शीघ्र शुरू करने तथा तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया।

Related Topics: