नाहन के युवाओं ने चंडीमंदिर में किया रक्तदान, महिला की बचाई जान
ए नेगेटिव ब्लड देकर निभाया मानवता का फर्ज
हिमाचल नाऊ न्यूज़, नाहन
नाहन के युवाओं ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश करते हुए चंडीमंदिर अस्पताल में भर्ती एक महिला की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई है। महिला को ऑपरेशन के लिए ए नेगेटिव रक्त की तत्काल जरूरत थी और उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी।
जैसे ही यह सूचना ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी तक पहुंची, संस्था के सदस्य तुरंत सक्रिय हो गए। नाहन के अवकाश सिंह और निकेश, जिनका ब्लड ग्रुप ए नेगेटिव है, बिना देर किए चंडीमंदिर पहुंचे और रक्तदान किया।
समय पर रक्त मिलने से महिला का उपचार संभव हो सका और उसकी जान बच गई। दोनों युवाओं के इस कदम की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
अवकाश सिंह जहां दशमेश रोटी बैंक की एंबुलेंस से जुड़े हैं, वहीं निकेश एचआरटीसी नाहन वर्कशॉप में अप्रेंटिस के रूप में कार्यरत हैं। दोनों ही पहले भी कई बार जरूरतमंदों की मदद कर चुके हैं।
सोसाइटी के पदाधिकारियों ने बताया कि उनका उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध करवाना है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अधिक से अधिक लोग रक्तदान के लिए आगे आएं, ताकि किसी की जान खून की कमी के कारण न जाए।