नाहन नगर परिषद के जनरल हाउस में उठा शहर की बदहाल गलियों, सफाई और आवारा कुत्तों का मुद्दा
कांग्रेस शासित नगर परिषद ने पेश किया विकास का रोडमैप, पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन
नाहन शहर में बरसात के बाद बदहाल हुई गलियों और सड़कों की मरम्मत, सफाई व्यवस्था को मजबूत करने तथा आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को लेकर मंगलवार को नगर परिषद नाहन के जनरल हाउस में व्यापक चर्चा हुई। मौजूदा कांग्रेस शासित नगर परिषद के इस अहम जनरल हाउस में पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं के साथ विकास कार्यों का रोडमैप भी सदन के सामने रखा।
बैठक में वार्ड नंबर 11 की पार्षद संध्या अग्रवाल, वार्ड नंबर 9 की पार्षद कौशल्या देवी, वार्ड नंबर 5 की पार्षद सीमा अत्री और वार्ड नंबर 4 की पार्षद पूजा तोमर ने अपने क्षेत्रों में गलियों की खस्ता हालत, खराब स्ट्रीट लाइटों, सफाई व्यवस्था और आवारा कुत्तों की समस्या को प्रमुखता से उठाया। पार्षदों ने मांग रखी कि बरसात के कारण क्षतिग्रस्त हुई गलियों और सड़कों की जल्द मरम्मत करवाई जाए।
वहीं वार्ड नंबर 8 के पार्षद संजय चौहान ने रानीताल पार्क की बाउंड्री वॉल के नवीनीकरण, बरादरी के समीप शौचालय की समस्या के समाधान तथा पार्क और वार्ड में एलईडी लाइटें लगाने की मांग रखी। इसके अलावा वार्ड नंबर 2 के पार्षद नरेंद्र तोमर, वार्ड नंबर 1 के पार्षद कपिल गर्ग और वार्ड नंबर 10 के पार्षद वसीम ने भी अपने-अपने वार्डों की विकास प्राथमिकताओं और आवश्यक कार्यों का खाका सदन के सामने रखा।
नगर परिषद अध्यक्ष उपमा धीमान ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। घर-घर से कूड़ा उठाने की व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा और लोगों से भी नगर परिषद का सहयोग करने की अपील की गई है।
उन्होंने कहा कि बरसात के कारण शहर की कई सड़कें और गलियां क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिनकी मरम्मत को प्राथमिकता दी जाएगी ताकि लोगों को आवाजाही में परेशानी न हो। आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर भी नगर परिषद उच्च न्यायालय के आदेशों और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई करेगी।
राजनीतिक दृष्टि से भी यह जनरल हाउस अहम माना जा रहा है। पूर्व में भाजपा शासित नगर परिषद के बाद अब कांग्रेस के नेतृत्व वाली नगर परिषद के सामने शहर की बुनियादी समस्याओं को दूर करने की बड़ी चुनौती है। ऐसे में मंगलवार की बैठक में पार्षदों द्वारा उठाए गए मुद्दों और नगर परिषद अध्यक्ष द्वारा दिए गए आश्वासनों के बाद अब शहरवासियों की नजर इस बात पर रहेगी कि खराब सड़कों, सफाई, स्ट्रीट लाइट और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए धरातल पर काम कितनी तेजी से शुरू होता है।