Loading...

नाहन नगर परिषद चुनाव के लिए भाजपा ने 13 वार्डों में उम्मीदवार उतारे

Shailesh Saini • 1 Hour Ago • 1 Min Read

कांग्रेस पहले जारी कर चुकी सूची, देरी से आई भाजपा लिस्ट से बढ़ी सियासी हलचल

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन

नाहन नगर परिषद चुनाव को लेकर भाजपा ने आखिरकार अपने अधिकृत उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। 13 वार्डों के लिए घोषित इस सूची के साथ ही शहर का सियासी माहौल पूरी तरह गरमा गया है।

खास बात यह है कि कांग्रेस पहले ही अपने समर्थित उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी थी, जबकि भाजपा की सूची कुछ देरी से सामने आई है।

भाजपा जिला अध्यक्ष धीरज गुप्ता द्वारा जारी सूची के अनुसार वार्ड नंबर 1 से शुभम सैनी, वार्ड 2 से मनीष जैन, वार्ड 3 से आशा भारद्वाज, वार्ड 4 से पूजा तोमर, वार्ड 5 से सीमा अत्री, वार्ड 6 से अर्पिता बक्शी, वार्ड 7 से अभिषेक चौधरी, वार्ड 8 से संजय चौहान, वार्ड 9 से कौशल्या देवी, वार्ड 10 से संजय पुंडीर, वार्ड 11 से संध्या अग्रवाल, वार्ड 12 से प्रदीप सहोता और वार्ड 13 से संजना कौर को मैदान में उतारा गया है।

सूची जारी होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है, वहीं कई वार्डों में मुकाबले को लेकर चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस बार चुनाव सीधा भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा, जबकि कुछ वार्डों में आजाद उम्मीदवार भी समीकरण बिगाड़ सकते हैं।

गौरतलब है कि पिछली बार नाहन नगर परिषद पर भाजपा का कब्जा रहा था, जबकि वर्तमान में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है। ऐसे में यह चुनाव दोनों दलों के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है।

कुल मिलाकर इस बार नाहन नगर परिषद चुनाव में मुकाबला बेहद दिलचस्प और कांटे का होने जा रहा है। अब देखना यह होगा कि सत्ता विरोधी लहर और स्थानीय मुद्दों के बीच मतदाता किसके पक्ष में फैसला सुनाते हैं और नगर परिषद की कमान किसके हाथ में जाती है।