HNN/ नाहन
हिमाचल प्रदेश के कुछ जिलों में आज सुबह से ही तूफान चला हुआ है। हालाँकि कहीं पर भी आंधी-तूफान से किसी तरह का जान-माल का नुक्सान नहीं हुआ है। परन्तु फिर भी तेज तूफान चलने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
वहीं आज मौसम में ठंडक होने से प्रदेश के लोगों को गर्मी से भी कुछ राहत मिली है। आपको बता दें कि आज जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन में रविवार सुबह आए भयंकर तूफान के कारण कालीस्थान तालाब के पास स्थित अग्निशमन विभाग के कार्यालय के समीप एक बड़ा आम का वृक्ष गिर गया।
बता दें यह वृक्ष करीब 100 साल पुराना था। पेड़ गिरने से कार्यालय के बाहर लगी एक दीवार सहित गेट भी टूट गया है। इसके अलावा बिजली की तारें भी विशालकाय वृक्ष की चपेट में आ गई। मौके पर जाकर देखा तो वृक्ष नीचे से खोखला था और वह सड़ चुका था। जिस कारण वृक्ष तेज तूफान में गिर गया।
सूचना मिलते ही नगर परिषद के कर्मी पेड़ को हटाने के कार्य में जुट गए हैं। हालाँकि गनीमत यह रही की जिस वक्त यह वृक्ष गिरा उस समय कोई भी व्यक्ति या वाहन पेड़ के नीचे से नहीं गुजर रहा था। नहीं तो कोई बड़ी अनहोनी भी हो सकती थी।

