Loading...

नाहन में आपदा प्रबंधन व रिस्क आंकलन विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

Ankita • 22 Aug 2024 • 1 Min Read

HNN/नाहन

आपदा के प्रति संवेदनशील क्षेत्रों, भवनों के बारे में जागरूक करने के मकसद से नाहन में वीरवार को दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सिरमौर, केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान (सीबीआरआई) रुड़की, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण शिमला के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य कार्यकारी अधिकारी सह-अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सिरमौर एलआर वर्मा ने की।

अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने बताया कि इस दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला (22 व 23 अगस्त) का मुख्य उद्देश्य जिला सिरमौर में आपदा से होने वाले नुकसान को न्यून से न्यून करने के प्रति लोगों को जागरूक करना है साथ ही में ऐसे असुरक्षित भवनों को भी चिन्हित करना है, जो भूकंप एवं भूस्खलन के कारण अत्यधिक संवेदनशील और कमजोर हैं।

उन्होंने कहा कि सीबीआरआई रुड़की की तकनीकी व वैज्ञानिक टीम के सहयोग से जिला सिरमौर के उपमंडल नाहन, पांवटा साहिब, शिलाई, पच्छाद और राजगढ़ की पूर्व निर्धारित ग्राम पंचायतों व अन्य चिन्हित क्षेत्रों के लगभग 2000 घरों/भवनों का भूकंप और भूस्खलन से बचाव के लिए आगामी दिनों में मूल्यांकन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मूल्यांकन से समुदायों के सामने आने वाले आपदा जोखिमों को कम करने के लिए कार्य योजना तैयार की जाएगी। इस योजना को धरातल पर सफल बनाने हेतु फील्ड विजिट के लिए विभिन्न प्रकार की टीमों का गठन कर कार्य को संपूर्ण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण कार्यशाला में आपदा के विभिन्न पहलुओं जैसे भूकंप, भूस्खलन, बाढ़, आगजनी, बादल फटना इत्यादि विषयों पर सारगर्भित चर्चा की जाएगी। कार्यशाला में लोक निर्माण विभाग, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, हिमुडा, राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग और खंड विकास अधिकारी कार्यालयों के लगभग 50 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।

इस प्रशिक्षण कार्यशाला में स्रोत व्यक्तियों के रूप में सीबीआरआई रुड़की के प्रधान वैज्ञानिक व निरीक्षक एमएम दालबेहेरा, वैज्ञानिक आशीष कपूर प्रतिभागियों को प्रशिक्षित करेंगे. इस अवसर पर जिला राजस्व अधिकारी चेतन चौहान, वित्त योजना अधिकारी, प्रताप प्राशर, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सिरमौर से राजन कुमार शर्मा व अरविंद चौहान एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।