Loading...

नाहन में पतंग की डोर में फंसे कबूतर को स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू

Ankita • 31 Jul 2024 • 1 Min Read

HNN/ नाहन

ऐतिहासिक शहर में महलात की घाटी में तार के जंजाल के बीच चाइनीज डोर में फंसे एक कबूतर को स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू कर लिया। दरअसल, शहर में पतंग की डोर में किसी पक्षी के फंसने का ये पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई मामले सामने आ चुके हैं।

पतंग उड़ाने के लिए इस्तेमाल में लाई जाने वाली चाइनीज डोर न केवल पशु-पक्षियों के लिए घातक है, बल्कि कई बार लोग भी इनकी चपेट में आ चुके हैं। बता दें कि बुधवार सुबह महलात की घाटी से गुजर रहे लोगों ने एक कबूतर को पतंग की डोर में फंसा देखा।

मौके पर एकत्रित प्रेम ठाकुर, तेजवीर सिंह और कृष्णा ठाकुर आदि लोगों ने डोर से लिपटे कबूतर को रेस्क्यू किया। एक वाहन की मदद लेकर लोगों ने डोर को काटा। इसके बाद कबूतर में लिपटी डोर को काटकर उसे मुक्त किया गया। प्रेम ठाकुर ने बताया कि चाइनीज डोर पक्षियों के लिए काफी घातक साबित हो रहे हैं।

कई बार पतंग की डोर में पक्षियों के फंसने के मामले सामने आ चुके हैं। कई बार तो लोग भी इनकी चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि चाइनीज डोर के इस्तेमाल से बचें। रक्षाबंधन पर्व के दौरान नाहन शहर में पतंगबाजी की परंपरा है। परंपरा निभाई जाए, लेकिन पतंग की डोर को यहां वहां न फैंकें।