नंगल खुर्द खेल मैदान में 50 लाख से लगेंगी लाइटें, क्रिकेट कमेटी को हर साल एक लाख
नंगल खुर्द में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए मैदान में 50 लाख रुपये की लागत से लाइटें लगाई जाएंगी। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने क्रिकेट कप के समापन समारोह में टूर्नामेंट कमेटी को आयोजन के लिए हर साल एक लाख रुपये देने की भी घोषणा की। प्रतियोगिता में कोकोवाल, पंजाब की टीम विजेता और नंगल खुर्द की टीम उपविजेता रही।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
हरोली विधानसभा क्षेत्र के नंगल खुर्द में 17 से 21 अक्तूबर तक आयोजित क्रिकेट कप के समापन समारोह में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विजेता कोकोवाल की टीम को 51 हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की। उपविजेता नंगल खुर्द की टीम को 31 हजार रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए क्रिकेट कमेटी और पंचायत सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ अनुशासन और टीम भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं।
टूर्नामेंट के आयोजन के लिए हर साल आर्थिक सहयोग
मुकेश अग्निहोत्री ने नंगल खुर्द क्रिकेट टूर्नामेंट कमेटी को अपनी ओर से एक लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गांव में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए यह राशि प्रत्येक वर्ष दी जाएगी। नंगल खुर्द के खेल मैदान में 50 लाख रुपये की लागत से लाइटें लगने के बाद खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने बताया कि हरोली विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न खेल मैदानों में भी लाइटें लगाने का काम किया जा रहा है तथा नगनोली और बीटन में 50-50 लाख रुपये की लागत से यह सुविधा उपलब्ध करवाई गई है।
नशे के खिलाफ सामाजिक भागीदारी पर जोर
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा राजनीतिक विषय नहीं, बल्कि गंभीर सामाजिक बुराई है और प्रदेश सरकार इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि ऊना जिले में नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की करीब 1.75 करोड़ रुपये की संपत्तियां सील की गई हैं और ऐसी संपत्तियों को कब्जे में लेने की कार्रवाई भी की गई है। नशे को बढ़ावा देने में संलिप्त सरकारी कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त की गई हैं। उन्होंने इस लड़ाई में समाज, पंचायतों, युवाओं और खेल संगठनों की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया।
उन्होंने कहा कि नशे का दुष्प्रभाव दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंच चुका है, इसलिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ युवाओं और बच्चों को जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने नंगल खुर्द क्रिकेट कमेटी और पंचायत की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं गांव को सुरक्षित रखने तथा युवाओं को नशे से दूर रखकर सही दिशा देने में सहायक हैं। खेलों के माध्यम से युवाओं में सकारात्मक सोच, अनुशासन और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।
पेयजल योजनाओं से हरोली में सुविधाएं मजबूत करने का दावा
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में पेयजल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर काम किया जा रहा है। बीटन और सिंघा क्षेत्र में पेयजल योजना के माध्यम से पानी पहुंचाया गया है। करीब 75 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जा रही योजना के जरिए करमपुर, पालकवाह, पूबोवाल, पोलियां और आसपास के गांवों तक पानी पहुंचाने की दिशा में काम हुआ है। उन्होंने कहा कि सिंचाई और पेयजल सुविधाओं में सुधार से किसानों को भी लाभ मिला है तथा वे सब्जियों की पैदावार कर बाजार तक पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पोलियां में 50 लाख लीटर क्षमता का टैंक तैयार किया गया है, जबकि दुलैहड़ और अमराली में 25-25 लाख लीटर क्षमता के टैंक बनाए गए हैं। क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए 101 करोड़ रुपये की योजना मंजूर हुई है, जिसके तहत 136 पुराने ट्यूबवेल को दोबारा बोर कर सुधारने का काम किया जाएगा। पंडोगा क्षेत्र के लिए भी करीब 100 करोड़ रुपये की पेयजल योजना पर काम किया जा रहा है। उन्होंने नंगल खुर्द की पेयजल संबंधी मांगों को पूरा करने का भरोसा भी दिया।
कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य ज्योति वाला, महिला कांग्रेस की ब्लॉक अध्यक्ष सुखविंदर कौर, नंगल खुर्द पंचायत के प्रधान जसवंत सिंह, उपप्रधान अश्वनी कुमार, पंचायत प्रतिनिधि, क्रिकेट कमेटी के सदस्य, खिलाड़ी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।