Loading...

नाहन में महाराणा प्रताप जयंती पर जुटेंगे एक लाख लोग- रुमित ठाकुर

Ankita 7 May 2023 Edited 7 May 1 min read

HNN/ नाहन

हिमाचल प्रदेश में अब तक की सबसे बड़े स्तर की महाराणा प्रताप जयंती नाहन में 8 व 9 मई को आयोजित की जाएगी। इस राज्य स्तरीय महाराणा प्रताप की 483 जयंती के उपलक्ष पर प्रदेश भर से 1, 00,000 से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है।

यह बात देवभूमि क्षेत्रीय संगठन एवं स्वर्ण मोर्चा के संस्थापक अध्यक्ष रुमित सिंह ठाकुर ने नाहन में पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि 8 मई को रामायण का 24 घंटे का अखंडपाठ प्रातः 10:00 बजे आरंभ हो जाएगा तथा 9 मई को महाराणा प्रताप की नाहन शहर के माल रोड स्थित मूर्ति पर माल्यार्पण किया जाएगा।

उसके बाद रामायण पाठ व पूर्ण आहुति का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। रुमित ठाकुर ने कहा कि इस दौरान स्वर्ण महासम्मेलन के तहत सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ नाहन के चौगान मैदान में किया जाएगा। जो हिमाचल का अब तक का सबसे बड़ा सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ होगा।

नाहन में मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए रुमित सिंह ठाकुर ने कहा कि राज्य स्तरीय महाराणा प्रताप जयंती के सम्मेलन के लिए मुख्य अतिथि के रुप में प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को आमंत्रित किया गया था परंतु किन कारणों से मुख्यमंत्री ने इस सम्मेलन में आने से मना कर दिया है इसका जवाब मुख्यमंत्री को देना होगा।

ठाकुर ने कहा कि जब कोई भी व्यक्ति प्रदेश के मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठता है तो वह ना केवल किसी जाति विशेष अपितु प्रदेश के एक-एक व्यक्ति का मुख्यमंत्री होता है। ऐसे में यदि कोई भी समाज जाति या धर्म मुख्यमंत्री को अपने सम्मेलन में बुलाते हैं तो मुख्यमंत्री का यह दायित्व है कि उसमें शामिल हो।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को देवभूमि क्षत्रिय संगठन मोर्चा द्वारा आयोजित किए जाने वाले महाराणा प्रताप जयंती के राज्यस्तरीय सम्मेलन में किन कारणों से आने से रोका गया है यह चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा कि सिरमौर जिला के नाहन में यह पहला प्रयास किया जा रहा है कि राज्यस्तरीय स्वर्ण महासम्मेलन व महाराणा प्रताप जयंती का आयोजन बड़े स्तर पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पदम श्री पुरस्कार से सम्मानित भारतीय कबड्डी टीम का नेतृत्व करने वाले अजय ठाकुर होंगे।

इसके अलावा देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिनिधि इस राज्य स्तरीय सम्मेलन में शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा कि विशेष अतिथि के रूप में हिमाचल की बेटी व माउंटेन गर्ल बलजीत कौर के अलावा जुब्बल शाही परिवार से दिव्या कुमारी कार्यक्रम में मौजूद रहेगी।

इसके अलावा शिलाई की बेटी व कबड्डी की स्वर्ण पदक विजेता ललिता ठाकुर, फिल्मी हस्ती दिव्यांगना मेहता इसके अलावा हिमाचल पुलिस के मनोज ठाकुर, रोहडू से बॉलीवुड में अपना परचम लहराने वाले रवि ठाकुर, सामाजिक कार्यकर्ता जितेंद्र राणा, उज्जवल राणा, लुदेव ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

रुमित ठाकुर ने कहा कि कार्यक्रम में हरियाणा से महेंद्र राणा, जबकि स्वर्ण आर्मी सेना के प्रमुख उत्तर प्रदेश से सुरेश पांडे, दिल्ली से राणा ठाकुर, दिल्ली से ही कुलदीप तोमर व मध्य प्रदेश से कुलदीप जडोन इस कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। रूमीत ठाकुर ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।

इसमें हिमाचली लोक कलाकारों को विशेष रूप से अवसर मिलेगा। साथ ही करनाल हरियाणा से जीत राजपूत व हरियाणा से ही आरडी परमार के अलावा हिमाचल के जाने माने कलाकार प्रिंस शर्मा, अरुण ठाकुर व नरेश ठाकुर अपनी प्रस्तुति देंगे।

ठाकुर ने कहा कि यह बेहद ही चिंता का विषय है कि हिमाचल प्रदेश के लाखों लोगों का नेतृत्व करने वाले देवभूमि क्षत्रिय संगठन स्वर्ण मोर्चा के कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री ने बतौर मुख्य अतिथि आने से कन्नी काटी है।

उन्होंने कहा कि देवभूमि संगठन फिर भी मुख्यमंत्री से मिलेगा तथा हिमाचल प्रदेश में स्वर्ण समाज के अधिकारों को लेकर लगातार अपनी मांगों को प्रस्तुत करेगा।

रुमित ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पहली बार इतने बड़े स्तर पर महाराणा प्रताप जयंती का आयोजन किया जा रहा है और सिरमौर जिला का यह गौरव है कि यह आयोजन सिरमौर जिला के मुख्यालय नाहन में किया जा रहा है।

रूमित ठाकुर ने इस अवसर पर पूरे प्रदेश के लोगों का आह्वान किया कि महाराणा प्रताप की जयंती पर लाखों की संख्या में सारे बंधन सारी बंदिशे तोड़कर 9 मई को नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान में पहुंचकर एक नया इतिहास लिखिए ओर इसे ऐतिहासिक दिन बनाए।

इस अवसर पर देवभूमि क्षेत्रीय संगठन की शिवानी रघुवंशी ने भी प्रदेश भर के लोगों व महिलाओं का आह्वान किया कि इस राज्यस्तरीय महाराणा प्रताप जयंती में शिरकत लेकर इसे ऐतिहासिक बनाने में योगदान दें।

इस अवसर पर देवभूमि क्षत्रिय संगठन वह राजपूत सभा की ओर से देवराज ठाकुर, सुरेंद्र ठाकुर, जगदीश ठाकुर, क्षत्राणी विंग की अध्यक्ष रमिता कंवर आदि उपस्थित थे।