Loading...

नाहन में रमजान के 25वें रोजे पर विधायक अजय सोलंकी ने कराया रोजा इफ्तार

Shailesh Saini • 16 Mar 2026 • 1 Min Read

Himachalnow / नाहन

अंजुमन इस्लामिया के अध्यक्ष बॉबी अहमद सहित मुस्लिम समुदाय के साथ बिताए दो घंटे, बच्चों-बुजुर्गों से मुलाकात कर मिठाई-फल और जूस बांटकर कराया इफ्तार

नाहन।

पवित्र रमजान माह के 25वें रोजे के अवसर पर नाहन के विधायक अजय सोलंकी अंजुमन इस्लामिया जामा मस्जिद पहुंचे और मुस्लिम समुदाय के साथ रोजा इफ्तार में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं से आत्मीय मुलाकात कर सभी को रमजान की मुबारकबाद दी।

जामा मस्जिद परिसर में इफ्तार के दौरान भाईचारे और अपनत्व का बेहद भावुक और सुखद माहौल देखने को मिला। विधायक अजय सोलंकी ने रोजेदारों के बीच बैठकर मिठाई, फल और जूस वितरित किए और मुस्लिम भाइयों का रोजा इफ्तार करवाया।

अंजुमन इस्लामिया के अध्यक्ष बॉबी अहमद सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग इस मौके पर मौजूद रहे। विधायक करीब दो घंटे तक मस्जिद परिसर में रहे और लोगों से खुले दिल से बातचीत करते रहे। खासकर छोटे बच्चों के साथ उनकी बातचीत का दृश्य बेहद आत्मीय रहा। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई, उनके सपनों और भविष्य को लेकर भी बात की।

इस दौरान एक ऐसा दृश्य भी सामने आया जिसने वहां मौजूद हर व्यक्ति का दिल छू लिया। विधायक अजय सोलंकी ने अपनी कुर्सी पर बुजुर्गों को बैठा दिया और खुद आम लोगों की तरह सबके बीच खड़े होकर उनसे बातचीत करते रहे। उनकी यह सादगी, संस्कार और बड़ों के प्रति सम्मान का भाव वहां मौजूद लोगों को भावुक कर गया।

मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि राजनीति से ऊपर उठकर इंसानियत और भाईचारे का यह संदेश समाज के लिए प्रेरणादायक है। रमजान के इस पवित्र महीने में जामा मस्जिद में इफ्तार के दौरान जो अपनापन और एकता का माहौल देखने को मिला, उसने सभी के दिलों को छू लिया।

लोगों का कहना था कि ऐसे अवसर समाज में आपसी प्रेम, सम्मान और सौहार्द की भावना को और मजबूत करते हैं।