नाहन में वार्ड नंबर 12 एससी महिला के लिए और पांच सामान्य महिलाओं के लिए हुए आरक्षित
बदलेंगे कई राजनीतिक समीकरण , बढ़ेंगी कई पुराने दिग्गज उम्मीदवारों की मुश्किलें
हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन
हिमाचल प्रदेश में आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इसी कड़ी में नाहन नगर परिषद के लिए वार्डों का आरक्षण कर दिया गया है। एसडीएम नाहन राजीव संख्यान ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इस बार कुछ वार्डों को आरक्षित श्रेणी में रखा गया है।
अधिसूचना के अनुसार नगर परिषद के वार्ड नंबर 12 (नावणी का बाग) को अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित किया गया है। इसके बाद शेष दस वार्डों में से पांच वार्डों को महिलाओं के लिए आरक्षित करने के उद्देश्य से लॉटरी प्रक्रिया अपनाई गई।
लॉटरी निकलने के बाद वार्ड नंबर 3 (शांति संगम), वार्ड नंबर 5 (अमरपुर), वार्ड नंबर 6 (नया बाजार), वार्ड नंबर 11 (जगन्नाथ) और वार्ड नंबर 13 (बाल्मीकि बस्ती) को महिला सामान्य के लिए आरक्षित किया गया है।
बता दें कि नाहन नाहर परिषद में कुल 13 वार्ड हैं। बाकि सभी वार्ड अनारक्षित हैं। इस अवसर पर आधिकारिक सदस्यों के रूप में उपेन्द्र कुमार तहसीलदार नाहन, ईशाक मोहम्मद सीडीपीओ नाहन और राजीव ठाकुर प्रिंसिपल डाइट उपस्थित रहे। वहीं, गैर-आधिकारिक सदस्यों में सलीम अहमद, प्रदीप विज, और वीरेन्द्र पाल शर्मा शामिल थे।
नाहन नगर परिषद में वार्डों की अधिसूचना जारी होने के बाद शहर में राजनीतिक गतिविधियों में भी तेजी आ गई है। आरक्षित किए गए वार्डों के चलते उन उम्मीदवारों की मुश्किलें बढ़ जाएगी जो लगातार अपने वार्डों से जीतते आए हैं।
मौजूदा समय नाहन नगर परिषद पर भाजपा का कब्जा है। बदले गए आरक्षण समीकरणों के बाद कहीं ना कहीं कांग्रेस को फिर से नुकसान उठाना पड़ सकता है।