नाहन में शिलान्यास पट्टिकाएं तोड़ी गईं, सियासत गरमाई
Himachalnow / नाहन
सोलंकी समर्थकों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पर साधा निशाना, घटना की चारों ओर निंदा
नाहन
नाहन विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों से जुड़ी शिलान्यास पट्टिकाओं को तोड़े जाने का मामला सामने आते ही सियासी माहौल गरमा गया है। बोगरियां से गौशाला तक प्रस्तावित सड़क, जिसका शिलान्यास विधायक अजय सोलंकी द्वारा किया गया था, वहां लगी पट्टिका को नुकसान पहुंचाया गया। वहीं धारक्यारी–बनोग–कांशीवाला वैकल्पिक बाईपास सड़क के निर्माण कार्य से जुड़ी शिलान्यास पट्टिका भी तोड़ी गई है।
इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास कार्यों से जुड़ी पट्टिकाओं को नुकसान पहुंचाना न केवल जनभावनाओं का अपमान है, बल्कि क्षेत्र के विकास कार्यों को बाधित करने की कोशिश भी माना जा रहा है।
विधायक अजय सोलंकी के समर्थकों ने इस मामले में सीधे तौर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और पूर्व विधायक पर आरोप लगाए हैं। हालांकि इन आरोपों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
घटना के बाद कांग्रेस समर्थकों में खासा रोष देखा जा रहा है। उनका कहना है कि राजनीतिक द्वेष के चलते इस तरह की हरकतें की जा रही हैं, जो लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है।
वहीं दूसरी ओर, इस पूरे मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर जांच की मांग भी तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि दोषियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल यह मामला सियासी रंग ले चुका है और आने वाले समय में इस पर राजनीति और तेज होने के आसार हैं।