Loading...

नाहन में HRTC बस से टकराई बाइक, युवक की मौके पर मौत; दूसरा गंभीर

Shailesh Saini • 15 Aug 2026 • 1 Min Read

गोविंदगढ़ में हुआ दर्दनाक हादसा, CCTV में कैद हुई पूरी घटना

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन

शहर के गोविंदगढ़ मोहल्ले में शनिवार शाम हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस और बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर में 25 वर्षीय युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठा दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक की पहचान विक्रम सिंह उर्फ विक्की पुत्र जस्सा सिंह निवासी गोविंदगढ़ मोहल्ला नाहन के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार बाइक गोविंदगढ़ मोहल्ले से दिल्ली गेट की ओर जा रही थी, जबकि HRTC बस दिल्ली गेट की तरफ से नाहन बस स्टैंड की ओर आ रही थी।

गोविंदगढ़ मोहल्ले के पास बाइक चालक ने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक किया। इसी दौरान सामने से आ रही HRTC बस से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक चालक विक्रम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे व्यक्ति को गंभीर चोटें आईं।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल डॉ. वाईएस परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है और हालत गंभीर बताई जा रही है।हादसे की पूरी घटना मौके पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में बाइक और निगम की बस के बीच हुई टक्कर साफ दिखाई दे रही है।

पुलिस ने CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम और अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Topics: