Loading...

नाहन से शुरू हुआ इलेक्ट्रिक बसों का सफर, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने दिखाई हरी झंडी

Shailesh Saini • 2 Hours Ago • 1 Min Read

महामाया श्रीबाला सुंदरी त्रिलोकपुर और श्रीरेणुकाजी के लिए पहले दिन रवाना हुईं बसें, नाहन डिपो को पहले चरण में मिलीं 15 इलेक्ट्रिक बसें

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन

जिला सिरमौर मुख्यालय नाहन में मंगलवार को प्रदेश के हरित परिवहन अभियान को नई गति मिली। नाहन आईएसबीटी बस स्टैंड से उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर विधिवत शुभारंभ किया।

पहले दिन इलेक्ट्रिक बसों को उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ महामाया श्रीबाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर और पवित्र तीर्थ श्रीरेणुकाजी के लिए रवाना किया गया।प्रदेश सरकार ने इलेक्ट्रिक बस संचालन के लिए जिन चार डिपो का चयन किया है, उनमें जिला सिरमौर का नाहन डिपो भी शामिल है। नाहन डिपो को कुल 25 इलेक्ट्रिक बसें आवंटित की गई हैं।

इनमें से पहले चरण में 15 बसें पहुंच चुकी हैं, जबकि शेष 10 बसें अगले दो सप्ताह के भीतर नाहन पहुंच जाएंगी।इन बसों के संचालन के लिए नाहन बस स्टैंड, नाहन वर्कशॉप और पांवटा साहिब बस स्टैंड पर अत्याधुनिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा चुके हैं।

बुधवार से ये बसें नाहन–पांवटा साहिब, नाहन–कालाअंब–त्रिलोकपुर, नाहन–श्रीरेणुकाजी, सराहां–नाहन–त्रिलोकपुर तथा पांवटा साहिब–शिलाई सहित विभिन्न रूटों पर नियमित रूप से सेवाएं देंगी।

इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने नाहन को इलेक्ट्रिक बस डिपो के रूप में विकसित करने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि इससे सिरमौर के लोगों को आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा मिलेगी।उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार हर विधानसभा क्षेत्र में इलेक्ट्रिक बसों के लिए 10 नए रूट परमिट जारी करेगी। इन परमिटों के माध्यम से बस संचालन करने वाले युवाओं को प्रतिमाह 50 हजार रुपये की ग्रांट भी प्रदान की जाएगी।

उन्होंने कहा कि आर्थिक चुनौतियों के बावजूद प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दे रही है।उन्होंने यह भी बताया कि नाहन डिपो के लिए 75 अतिरिक्त इलेक्ट्रिक बसों की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई है, जिसे भविष्य में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारी, हिमाचल पथ परिवहन निगम के अधिकारी तथा कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

Related Topics: