Loading...

निःस्वार्थ सेवा और संघर्ष की सीख लेने श्री सत्यानंद गोधाम पहुंचे कफोटा कॉलेज के विद्यार्थी

Shailesh Saini 19 Dec 2025 Edited 19 Dec 1 min read

पांवटा साहिब:

उपमंडल कफोटा स्थित राजकीय महाविद्यालय के करीब 60 विद्यार्थियों और प्राध्यापकों के दल ने वीरवार देर शाम बहराल स्थित श्री सत्यानंद गोधाम का भ्रमण किया। इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य युवाओं को गौसदन के संचालक सचिन ओबेरॉय के सेवाभाव, संघर्ष और जीव-दया के प्रति उनके समर्पण से रूबरू कराना था।

​प्रोफेसर विक्रम ने बताया कि कॉलेज के एक दिवसीय टूर कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों ने सुबह सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री रेणुका जी के दर्शन किए। इसके उपरांत छात्रों को सूरजपुर स्थित एक दवा उद्योग का भ्रमण करवाया गया, जहां उन्हें औद्योगिक कार्यप्रणाली और भविष्य में रोजगार की संभावनाओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

​दौरे के अंतिम चरण में छात्र बहराल स्थित प्रसिद्ध गौसदन पहुंचे। यहां उन्हें सचिन ओबेरॉय के त्याग और संघर्ष की कहानी सुनाई गई। इस विजिट के माध्यम से विद्यार्थियों को पशु प्रेम, प्रकृति से जुड़ाव, कर्तव्यनिष्ठा और सकारात्मक रहकर निरंतर कर्म करने का संदेश मिला। छात्रों ने सीखा कि कैसे भगवत आश्रित होकर नि:स्वार्थ भाव से समाज और मूक पशुओं की सेवा की जा सकती है।

​इस अवसर पर श्री सत्यानंद गोधाम के संचालक सचिन ओबेरॉय ने कॉलेज स्टाफ और विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने युवाओं से संवाद करते हुए उन्हें जीवन में निरंतर अपने कर्म पथ पर डटे रहने और नि:स्वार्थ सेवा को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।