निजी निर्माण कार्य में लगा दिए सरकारी कर्मचारी, जलशक्ति विभाग के अधिकारी का कारनामा
HNN/ हमीरपुर
जिला हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र बड़सर में एक नया मामला सामने आया है। यह मामला विभाग के अस्थायी कर्मचारियों से निजी कार्य करवाने से सम्बंधित है, यहां जलशक्ति विभाग का एक आला अधिकारी अपने घर के निर्माण कार्य में विभाग में रखे गए कर्मियों की सेवाएं भी ले रहा है।
विभाग के मल्टी टास्क वर्कर, पंचायतों में पानी के टैंकों पर तैनात कर्मचारी और आउटसोर्स पर चल रही जलशक्ति विभाग की स्कीमों पर काम कर रहे कर्मचारी इस भवन के निर्माण में जुटे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस मामले से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हुआ है। हालाँकि इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं की जा सकी है।
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि जल शक्ति विभाग में अस्थायी तौर पर लगे चार कर्मचारी एक घर में मलबा, रेत-बजरी को उठा रहे हैं। उनकी ओर से घर के आंगन की साफ-सफाई की जा रही है। इन कर्मचारियों में एक कर्मचारी दिव्यांग भी है, जिससे मलबा उठवाया जा रहा है।
उक्त कर्मचारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि विभाग के अधिकारियों की ओर से उन्हें डरा-धमकाया जा रहा है।कर्मचारियों ने सरकार और विभाग के प्रधान सचिव से इस मामले में संज्ञान लेने की मांग की है। वहीँ दूसरी ओर,जल शक्ति विभाग बड़सर के अधिशासी अभियंता डीआर चौहान ने इस मामले को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि पानी की पाइप ब्लॉक हुई थी, उसे ठीक करवाया गया है।