निजी बस और कार की हुई जोरदार टक्कर, 5 लोग घायल
HNN/मंडी
जिला मंडी में एनएच-154 पर एक हादसा पेश आया है। यहां एक निजी बस और कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार चालक सहित पांच लोग घायल हो गए है। घायलों की पहचान चालक अमरजीत, मंजीत कौर (37), रणजीत कौर (48), हरजिंदर कौर (18), गुरविंदर सिंह (47) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निजी बस मंडी से पालमपुर जा रही थी। इस दौरान पालमपुर की तरफ से मंडी जा रही एक टैक्सी के साथ बस की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। जिसके बाद उन्हें एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पधर पहुंचाया गया।
जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जोनल अस्पताल मंडी रैफर कर दिया है। वहीं हादसे के बाद नेशनल हाइवे पर करीब डेढ़ घंटा जाम की स्थिति बनी रही। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम वहां पहुंची और वाहनों की आवाजाही शुरू करवाई। साथ ही मामला दर्ज कर जाँच शुरू की। डीएसपी पधर दिनेश कुमार ने मामले की पुष्टि की है।