निराशाजनक रहा प्रदेश की सुक्खू सरकार का 1 वर्ष का कार्यकाल- प्रताप सिंह रावत
HNN/ नाहन
सिरमौर भाजपा के जिला सह मीडिया प्रभारी प्रताप सिंह रावत ने एक बयान जारी करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार का पहला ही वर्ष निराशा करने वाला रहा है। रावत ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश की जनता से बड़े-बड़े वायदे किए थे।
उन्होंने अपने वायदे में कहा था कि यदि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनती है तो हम सरकार बनते ही अपनी पहली कैबिनेट बैठक में 18 वर्ष से ऊपर की सभी महिलाओं को प्रति माह 15 सौ रुपए इंदिरा गांधी महिला सम्मान निधि राशि देंगे और प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को प्रतिवर्ष एक लाख सरकारी नौकरी देंगे।
इतना ही नहीं प्रदेश के किसानों को तीन सौ यूनिट मुफ्त बिजली भी देंगे और किसानों से 80 रुपए प्रति लीटर के हिसाब से गाय का दूध और सौ रुपए प्रति लीटर भैंस का दूध भी लेंगे। इसके साथ-साथ प्रदेश में बढ़ती महंगाई को भी कम करेंगे। इसके अतिरिक्त और भी कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश की जनता के साथ बहुत सारे वायदे किए थे जिसमें से आज तक एक भी वायदा पूरा नहीं हुआ है।
रावत ने बताया कि कांग्रेस पार्टी झूठ का पुलिंदा है। कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने झूठ का सहारा लेकर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाई है। रावत ने बताया कि जब से प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनी है तब से ही महंगाई आसमान छू रही है और प्रदेश की जनता अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रही है।
रावत ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार 1 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर धर्मशाला में किस बात का जश्न मना रही है। सरकार ने प्रदेश की जनता को जो 10 बड़ी-बड़ी गारंटी दी थी उसमें से आज तक सुक्खू सरकार ने एक भी गारंटी पूरी नहीं की है। तो सरकार जश्न किस बात का मना रही है।
रावत ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने कार्यकाल के दौरान प्रदेश की जनता के अनुरोध पर हजारों सरकारी संस्थान खोले थे। सुक्खू सरकार ने पद संभालते ही हजारों सरकारी संस्थान को बंद कर दिया हैं जिससे प्रदेश की जनता में आपकी सरकार के प्रति भारी आक्रोश है।
रावत ने बताया कि सरकार विकास करने के लिए चुनी जाती है ना की किए गए विकास को बंद करने के लिए चुनी जाती है। उन्होंने बताया कि सुक्खू सरकार को बनते हुए 11 दिसंबर को 1 वर्ष पूरा होने वाला है। लेकिन प्रदेश के विकास में ग्रहण लग गया है। रावत ने कहा कि सुक्खू सरकार को इसका खामियाजा लोकसभा चुनाव में भुगतना पड़ेगा।
रावत ने मीडिया को जारी बयान करते हुए बताया कि आपको वायदे उतने करने चाहिए थे जितने आप निभा भी सके। उन्होंने बताया कि भाजपा नेता जो कहते हैं वह करके दिखाते हैं। इसलिए भाजपा ने तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत हासिल की है। क्योंकि लोग सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर भरोसा करती है कांग्रेस पार्टी की गारंटी पर नहीं।