HNN/ शिमला
राजधानी शिमला में एक निर्माणाधीन मकान में अचानक ही आग लग गई। इस दौरान घर के अंदर रखा सामान जलकर राख हो गया है जिससे लाखों का नुक्सान हुआ है। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुँची परंतु तब तक काफी देर हो चुकी थी। हालांकि आगजनी की इस घटना में किसी तरह का कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है।
वहीं पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार शिमला के पंथाघाटी में तेज सिंह ठाकुर का निर्माणाधीन भवन है जिसमें कीमती सामान रखा हुआ था। यहाँ अचानक ही भवन में चिंगारी सुलग गई। इस दौरान देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और भवन के अंदर लकड़ियों का सामान जलकर राख हो गया।
इस निर्माणाधीन भवन में हार्डवेयर की दुकानों में बेचा जाने वाला लकड़ी का सामान रखा गया था। इस घटना में तेज सिंह ठाकुर, टिम्बर शॉप मीनल ट्रेडिंग कंपनी के मालिक सुरेंद्र शर्मा और हिंदुस्तान ट्रेडिंग कंपनी के हार्डवेयर शॉप के मालिक राजन सेठ को 60 लाख का नुक्सान हुआ है।

