Loading...

नीट-यूजी पेपर लीक मामले में सीबीआई ने दर्ज की पहली एफआईआर

Ankita • 23 Jun 2024 • 1 Min Read

सीबीआई ने शिक्षा मंत्रालय के निदेशक की एक लिखित शिकायत के आधार पर नीट-यूजी पेपर लीक मामले में पहली एफआईआर दर्ज की है। शिक्षा मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 5 मई को आयोजित की नीट-यूजी परीक्षा में कथित अनियमितताओं और धोखाधड़ी के मामले सामने आए हैं।

केंद्रीय जांच ब्यूरो का कहना है कि इस मामले में एफाआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सीबीआई ने केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की शिकायत पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच के लिए सीबीआई ने विशेष टीमों का गठन किया है। ये टीमें बिहार के पटना और गुजरात के गोधरा भेजी जा रही हैं।

एफआईआर में आरोपों में कहा गया है कि एनईईटी (यूजी) 2024 परीक्षा राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) द्वारा 5 मई 2024 को 571 शहरों में 4,750 केंद्रों पर आयोजित की गई जिसमें विदेश के 14 शहर भी शामिल थे। 23 लाख से अधिक उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए थे।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नीट (यूजी) 2024 परीक्षा के आयोजन के दौरान कुछ राज्यों में कुछ अलग-अलग घटनाएं हुईं। इसलिए शिक्षा मंत्रालय ने सीबीआई से उम्मीदवारों, संस्थानों और बिचौलियों द्वारा साजिश, धोखाधड़ी, जालसाजी, अमानत में ख्यानात और सबूतों को नष्ट करने सहित कथित अनियमितताओं की पूरी साजिश की व्यापक जांच करने का अनुरोध किया है।