नीलगाय को बचाने की कोशिश में अनियंत्रित होकर खाई में गिरा ट्रक
HNN/ऊना
जिला ऊना के भरवाई में एक सड़क हादसा पेश आया है। यहां कबाड़ से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे सूचना मिलते ही फायर स्टेशन की टीम ने मौके पर पहुंचकर चालक को ट्रक से बाहर निकाला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक को कबाड़ को लेकर जालंधर से गगरेट की तरफ जाना था लेकिन रास्ता भूलने के कारण चालक ट्रक लेकर भरवाईं की तरफ पहुंच गया। इस दौरान ट्रक के आगे अचानक ही नीलगाय आ गई और उसे बचाने की कोशिश में ट्रक अनियंत्रित होकर 50 मीटर खाई में जा गिरा। हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और इस बाबत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। हादसे के दौरान ट्रक के केबिन में फंसे ट्रक चालक दलजीत को फायर स्टेशन की टीम ने केबिन को कटर की मदद से काटकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला और 108 की मदद से उपचार के लिए चिंतपूर्णी अस्पताल ले गए। थाना प्रभारी चिंतपूर्णी रोहिणी ने मामले की पुष्टि की है।