नेपाल प्लेन क्रैशः रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अब तक 42 शव बरामद, पीएम प्रचंड ने….
नेपाल के पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से कई जाने जा चुके हैं। इनमें से कई लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं जबकि कई लोगों का अभी कुछ पता नहीं चल पाया है। हालांकि रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। बता दें कि यति एयरलाइंस के विमान में कुल 68 यात्री और चालक दल के चार सदस्य सवार थे।
इसमें दो बच्चों समेत 15 विदेशी नागरिक भी शामिल थे। विमान पुराने हवाई अड्डे और पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बीच दुर्घटनाग्रस्त हुआ। जिसके बाद नेपाल की सेना, सशस्त्र पुलिस, नेपाल पुलिस के साथ ही स्थानीय नागरिक रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हुए हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अब तक 42 शव बरामद किए गए हैं।
काठमांडू से 10.33 बजे भरी थी उड़ान
नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (सीएएएन) ने बताया कि येती एअरलाइंस के 9एन-एएनसी एटीआर-72 विमान ने सुबह 10 बजकर 33 मिनट पर काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। पोखरा इस हिमालयी देश में एक मशहूर पर्यटक स्थल है। हवाई अड्डा प्राधिकरण के मुताबिक, विमान में 53 नेपाली, पांच भारतीय, चार रूसी, दो कोरियाई, एक-एक आयरिश, अर्जेंटीना और फ्रांसीसी नागरिक सवार थे।
नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। पीएम प्रचंड ने सभी सरकारी एजेंसियों को प्रभावी बचाव कार्य के निर्देश दिए हैं। उन्होंने हादसे को लेकर कैबिनेट की इमरजेंसी मीटिंग भी बुला ली। प्रधानमंत्री प्रचंड की अध्यक्षता में हुई इमरजेंसी बैठक में सरकार के कैबिनेट मंत्री मौजूद थे।