नेपाल में बड़ा हादसा: लैंडस्लाइड के बाद नदी में गिरी दो बसें, 65 लोग लापता
नेपाल में एक बड़ा हादसा हुआ है। जहां लैंडस्लाइड के बाद दो बसें एक नदी में समा गई। इस हादसे में बस में सवार (करीब 65) यात्री लापता हैं। बताया जा रहा है कि बस में करीब एक दर्जन भारतीय नागरिक सवार थे।
जानकारी के अनुसार, आज यानी शुक्रवार सुबह मध्य नेपाल में मदन-आश्रित राजमार्ग पर भूस्खलन की वजह से लगभग 65 यात्रियों को ले जा रही दो बसें त्रिशूली नदी में बह गईं। हादसा सुबह करीब 3:30 बजे हुआ।
काठमांडू जा रही एंजेस बस में 24 यात्री सवार थे, जबकि काठमांडू से गौर जा रही गणपति डीलक्स बस में करीब 41 लोग थे। गणपति डीलक्स बस में सवार 3 यात्री कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। फिलहाल, रेस्क्यू टीम मौके पर है और बचाने की जंग जारी है।
बचावकर्मियों ने भूस्खलन के मलबे को हटाना शुरू कर दिया है। स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव कर्मी घटनास्थल पर हैं और तलाशी अभियान चल रहा है।