नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, युवकों से गूगल पे के जरिए एक लाख रुपये ऐंठे
जिला बिलासपुर में नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो युवकों से एक लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिलासपुर/स्वारघाट
नौकरी दिलाने का झांसा देकर की ठगी
जिला बिलासपुर के स्वारघाट क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने दो युवकों को नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उनसे पैसे ले लिए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आठ मार्च को अनूप कुमार पुत्र ज्ञानचंद निवासी गांव दगड़ाहन श्रीनयनादेवी ने थाना स्वारघाट में शिकायत दर्ज करवाई।
गूगल पे के माध्यम से लिए गए पैसे
शिकायत में बताया गया कि राकेश कुमार पुत्र धीरजु राम निवासी वार्ड नंबर दो नगर पंचायत चौपाल जिला शिमला ने उसके भाई राममूर्ति निवासी गांव दगड़ाहन तथा गौरव निवासी गांव टाली को नौकरी दिलाने का झूठा भरोसा दिया। आरोप है कि राकेश कुमार ने दोनों युवकों से 50-50 हजार रुपये लेकर कुल एक लाख रुपये गूगल पे के माध्यम से अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए।
पहले भी दर्ज है ठगी का मामला
पुलिस ने शिकायत के आधार पर थाना स्वारघाट में अभियोग संख्या 20/26 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी राकेश कुमार के खिलाफ पहले भी ठगी का मामला दर्ज है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।