न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए हिमाचल में उमड़े सैलानी, होटलों में शत-प्रतिशत ऑक्युपेंसी
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश के तमाम पर्यटन स्थल पर्यटकों से गुलजार हो चुके हैं। शनिवार को धूप खिलने के साथ ही प्रदेश के तमाम पर्यटन स्थलों में सैलानियों की चहल कदमी शुरू हो गई। बता दें कि प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में वीरवार और शुक्रवार को बर्फबारी का दौर शुरू हो गया जिसके चलते यहां बर्फ के ढेर लगे हुए हैं। ऐसे में बर्फबारी के बीच मस्ती करने के लिए सैलानी सुबह से ही निकल पड़े। वही न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए बड़ी संख्या में सैलानी हिमाचल प्रदेश में पहुंचे हैं।
प्रदेश के तमाम होटलों में शत-प्रतिशत ऑक्युपेंसी चली हुई है जिससे होटल कारोबारियों के चेहरे भी खिले हुए हैं। चायल, शिमला, धर्मशाला, मनाली, डलहौजी, कसोल सहित तमाम पर्यटन स्थलों के होटल 90 से 100 फीसदी तक बुक है। नए साल पर प्रदेश में करोड़ों का कारोबार होने की उम्मीद जताई जा रही है। इस बार न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए हिमाचल पहुंचने वाले सैलानियों को असुविधाओं का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
एक तरफ प्रदेश के शक्तिपीठ 24 घंटे खुले हैं तो वहीं दूसरी तरफ होटल और रेस्तरां भी दिन-रात खोलने के पहले से ही सरकार द्वारा आदेश जारी हो चुके हैं वहीँ, प्रदेश के नामी और आलीशान होटलों में नए साल का जश्न मनाने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उधर, न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए प्रदेश में उमड़ी सैलानियों की भीड़ के चलते पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह से अलर्ट मोड़ पर आ चुका है। प्रदेश के तमाम पर्यटन स्थलों में पुलिस ने चप्पे-चप्पे पर चौकसी बढ़ाई हुई है।