चौकी दंगल में भूपेंद्र राजपूत धामी ने जीती बड़ी माली, लंगर भवन को मिलेंगे तीन लाख रुपये
राजगढ़ उपमंडल के ग्राम चौकी में पारंपरिक पंचमी चौकी झंडा जी मेले के तीसरे दिन आयोजित विशाल दंगल में भूपेंद्र राजपूत धामी ने बड़ी माली और धर्मेंद्र वासनी ने छोटी माली का खिताब जीता। दंगल के दौरान शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप ने लंगर भवन के निर्माण के लिए तीन लाख रुपये देने की घोषणा भी की। प्रतियोगिता में उत्तर भारत के नामी पहलवानों ने हिस्सा लेकर अपनी कुश्ती कला का प्रदर्शन किया।
सिरमौर/राजगढ़
मेले में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सांसद सुरेश कश्यप ने सबसे पहले गुरु महाराज के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने करीब पांच लाख रुपये की लागत से बने नए रसोईघर का लोकार्पण किया और मेला स्थल पर दंगल का शुभारंभ किया। स्वर्गीय गुरु झल्ला वीरेंद्र शर्मा की स्मृति में उनके परिजनों की ओर से आयोजित दंगल में मेला कमेटी ने सांसद को शॉल, टोपी और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उनके साथ पहुंचे अन्य अतिथियों को भी मफलर पहनाए गए।

मेला कमेटी के उपाध्यक्ष नीरज चौधरी ने सांसद के समक्ष क्षेत्र से संबंधित विभिन्न मांगें रखीं। उन्होंने पिछले वर्ष रसोईघर के निर्माण के लिए की गई घोषणा पूरी होने पर कमेटी की ओर से आभार जताया। सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि मेले संस्कृति, परंपराओं और आपसी भाईचारे के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन लोगों को एक-दूसरे से मिलने और पारंपरिक संस्कृति को आगे बढ़ाने का अवसर देते हैं। इसी दौरान उन्होंने लंगर भवन के निर्माण के लिए तीन लाख रुपये देने की घोषणा की।
बड़ी और छोटी माली के मुकाबले रहे आकर्षण
छोटी माली का मुकाबला धर्मेंद्र वासनी और अजय के बीच हुआ। धर्मेंद्र वासनी ने अजय को हराकर खिताब अपने नाम किया और विजेता के रूप में उन्हें 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। बड़ी माली के फाइनल में भूपेंद्र राजपूत धामी और राजू कांगड़ा आमने-सामने थे। कड़े मुकाबले के बाद भूपेंद्र राजपूत धामी ने जीत दर्ज की। बड़ी माली के विजेता के लिए 31 हजार रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई थी। दोनों मुकाबले दंगल में पहुंचे दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण रहे।
मेले के अंतिम दिन मंगलवार रात सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी। इसमें कलाकार कपिल शर्मा और अरुण आर्यन अपनी प्रस्तुतियां देंगे। मेला कमेटी और झल्ला परिवार ने मेले एवं दंगल में भाग लेने वाले क्षेत्रवासियों, श्रद्धालुओं और पहलवानों के साथ आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। कमेटी के अनुसार पारंपरिक मेले के विभिन्न कार्यक्रमों में स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और दंगल के दौरान कुश्ती मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।