श्रीरेणुका जी मेले में किसानों की बनेगी फार्मर रजिस्ट्री, ये दस्तावेज लाना जरूरी
श्रीरेणुका जी मेले में किसानों को मौके पर फार्मर रजिस्ट्री करवाने की सुविधा मिलेगी। कृषि विभाग सिरमौर की ओर से 19 नवंबर 2026 से मेले में विशेष स्टॉल लगाया जाएगा, जहां स्थानीय लोक मित्र केंद्र के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे। रजिस्ट्री के लिए किसानों को आधार कार्ड, आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर और अपनी भूमि का कम से कम एक खसरा नंबर साथ लाना होगा।
नाहन
भारत सरकार की एग्रीस्टैक योजना के तहत हिमाचल प्रदेश में किसानों के पंजीकरण का कार्य किया जा रहा है। जिला सिरमौर के उप कृषि निदेशक के अनुसार, किसानों की मूल जानकारी सरकार के पास उपलब्ध कराने के लिए फार्मर रजिस्ट्री आवश्यक है। केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ पंजीकृत किसानों को ही मिल सकेगा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए भी किसान की फार्मर रजिस्ट्री पूरी होना जरूरी है।

मेले में मौके पर उपलब्ध रहेगी सुविधा
कृषि विभाग ने जिले के सभी किसानों, विशेषकर अब तक पंजीकरण से वंचित लोगों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ श्रीरेणुका जी मेले में पहुंचने की अपील की है। विभाग के स्टॉल पर किसान मौके पर ही अपनी फार्मर रजिस्ट्री करवा सकेंगे। इसके लिए आधार कार्ड के साथ आधार से जुड़ा सक्रिय मोबाइल नंबर और संबंधित भूमि का कम से कम एक खसरा नंबर प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
कृषि खंड कार्यालयों से भी मिलेगी सहायता
फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए किसान अपने कृषि खंड कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। नाहन कृषि खंड के लिए 8559000027, पांवटा साहिब एवं तिलोरधार के लिए 9418139578, शिलाई के लिए 8629815715, पच्छाद के लिए 9805107165 और राजगढ़ कृषि खंड के लिए 9418318051 नंबर जारी किया गया है। विभाग ने किसानों से समय रहते पंजीकरण पूरा करवाने और अभियान में सहयोग करने का आग्रह किया है।