पंडोह के पास धंसी दो निर्माणाधीन सुरंगें, सभी मजदूर……
HNN/ मंडी
जिला मंडी में पंडोह डैम के साथ लगते डयोड में निर्माणाधीन दो टनल्स में से एक टनल जिसे आरएचएस का नाम दिया है। 22 नवम्बर को सुबह इसका 25 से 30 मीटर का हिस्सा सुबह करीब 4 बजे धंस गया। इसके बाद 6 दिसम्बर को शाम के समय एचएलएच टनल का करीब 60 मीटर का हिस्सा धंस गया।
टनल धंसने का अहसास पहले ही हो गया था और सभी लोग पहले ही सुरक्षित बाहर निकल गए थे। मलबा काफी ज्यादा मात्रा में गिरा हुआ है जिसे हटाने का कार्य तो जारी है लेकिन जैसे ही मलबा हटाया जा रहा है तो और मलबा गिर रहा है, ऐसे में मलबा हटाने के कार्य में काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इन सुरंगों की लंबाई तीन-तीन किलोमीटर की है। इनके छोर आपस में मिल चुके हैं।
जानकारी के अनुसार, जब उत्तराखंड के सिलक्यारा में टनल धंसने से अंदर फंसे 41 मजदूरों को जब निकालने के प्रयास हो रहे थे तो उसी दौरान मंडी जिला के पंडोह के पास भी दो निर्माणाधीन टनल्स धंस गईं थीं।
लेकिन कंपनी प्रबंधन ने किसी को इसकी भनक तक नहीं लगने दी। अब जाकर इसकी जानकारी सामने आई है। उधर, शाहपुरजी पलौनजी कंपनी के टीम लीडर आदर्श पन्होत्रा ने बताया कि कार्य के दौरान ऐसी घटनाएं होती रहती हैं।