पच्छाद के दाडो देवरिया की डॉ. स्वाति तोमर ने एमडी में हासिल किया गोल्ड मेडल
टांडा मेडिकल कॉलेज में प्रथम रैंक, अब जोनल हॉस्पिटल मंडी में डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम ऑफिसर के रूप में देंगी सेवाएं
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन
जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल की दाडो देवरिया पंचायत के दाडो देवरिया गांव की डॉ. स्वाति तोमर ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के दम पर चिकित्सा क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। डॉ. स्वाति तोमर ने एमडी (कम्युनिटी मेडिसिन) की परीक्षा में टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, कांगड़ा में प्रथम रैंक हासिल कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पच्छाद और समूचा सिरमौर गौरवान्वित है।
दाडो देवरिया निवासी सुभाष ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि डॉ. स्वाति तोमर, पुत्री विनोद तोमर ने नौकरी के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखते हुए यह मुकाम हासिल किया है। अब वह डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम ऑफिसर के पद पर जोनल हॉस्पिटल मंडी में अपनी सेवाएं देंगी।
साधारण किसान-बागवान परिवार से ताल्लुक रखने वाली डॉ. स्वाति तोमर की सफलता इसलिए भी खास है, क्योंकि उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत को अपनी ताकत बनाया। वह अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के साथ अपनी बुआ दयाल कंवर को भी देती हैं। उनका कहना है कि बुआ ने समय-समय पर उनका मार्गदर्शन किया और उन्हें निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. स्वाति तोमर के पिता विनोद तोमर किसान एवं बागवान हैं, जबकि माता निर्मला तोमर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। परिवार की मेहनत और संस्कारों के बीच पली-बढ़ीं स्वाति ने शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ने का प्रयास किया।
वर्ष 2020 में डॉ. स्वाति तोमर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्यूरी, रामपुर में मेडिकल ऑफिसर के पद पर अपनी सेवाएं शुरू की थीं। नौकरी के साथ उन्होंने उच्च शिक्षा जारी रखी और एमडी की पढ़ाई पूरी कर टांडा मेडिकल कॉलेज में प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए भी प्रेरणा बनी है कि निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण से साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर भी बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।