Loading...

पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेलवे लाइन पर पांच माह बाद फिर चलेंगी रेलगाड़ियां

PARUL • 3 Dec 2023 • 1 Min Read

HNN/मंडी

जिला मंडी में रेलवे विभाग द्वारा पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेलवे लाइन पर पांच माह बाद फिर रेलगाड़ियां शुरू करने के लिए हरी झंडी दे दी गई है। इसी माह कोपर लाहड़ से जोगिंद्रनगर तक रेलगाड़ियों को फिर से बहाल कर दिया जाएगा। स्टेशन अधीक्षक रविंद्र रावत द्वारा यह जानकारी दी गई है।

उन्होंने बताया कि पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेलवे लाइन बहाल होने से कांगड़ा घाटी के अधीन आने वाले रेलवे स्टेशन पालमपुर, चामुंडा मार्ग, कांगड़ा मंदिर, ज्वाला जी रोड और बैजनाथ पपरोला के अलावा जोगिंद्रनगर रेलवे स्टेशन तक ट्रेनें चलने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि कांगड़ा घाटी में मानसून सीजन में ज्वालाजी मार्ग और कोपरलाहड़ के पास भूस्खलन हो जाने से करीब 100 मीटर रेललाइन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी।

जिससे रेलगाड़ियों की आवाजाही पूर्ण रूप से ठप हो गई थी। जिससे कि यात्रियों को काफी परेशानियां हो रही थी। जिसके बाद रेल यात्रियों को राहत पहुंचाने के लिए उत्तर रेलवे ने कोपरलाहड़ से जोगिंद्रनगर रेलवे स्टेशन तक रेलगाड़ियों को फिर से शुरू करने को लेकर स्टेशन अधीक्षकों को फरमान जारी किया है।

ऐसे में अगले कुछ ही दिनों में रेलगाड़ियां पटरी पर दौड़ेंगी। इससे हजारों लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन में व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त करने के आदेश उत्तर रेलवे विभाग के उच्चाधिकारियों से मिले हैं।