पड़दूनी में ग्रामीणों ने फूंका प्रदेश सरकार का पुतला, यह है वजह…..

HNN/ नाहन

विधानसभा क्षेत्र नाहन की ग्राम पंचायत पड़दूनी में वीरवार के घुमंतू गुर्जरों से परेशान ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। ग्रामीणों का आरोप है कि यहां विद्युत विभाग और वन विभाग की भूमि पर घुमंतू गुर्जरों ने कब्जा किया है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। वहीं, स्थानीय लोगों के लिए भी ये परेशानी का सबब बने हुए हैं।

बता दें कि गिरिनगर वन विभाग कार्यालय के बाहर
दर्जनों ग्रामीण वन विभाग व जिला प्रशासन के खिलाफ 12 दिसंबर से धरने पर बैठे हैं। समाजसेवी नाथूराम चौहान ने कहा कि गुर्जरों द्वारा यहां पशुओं की तस्करी भी की जा रही है। साथ ही यहां संदिग्ध गतिविधियों की अंजाम दिया जा रहा है। इससे लोगों में भी डर का माहौल बना हुआ है।

उन्होंने इस बात पर हैरानी जताई कि ग्रामीण कई दिनों से धरने पर बैठे हुए हैं, मगर कोई उनकी बात सुनने के लिए तैयार नहीं है। पंचायत प्रधान सरोज देवी और उपप्रधान गीताराम ने बताया कि घुमंतू गुर्जरों ने अब पंचायत में अपने स्थाई डेरे बना दिए हैं। उन्होंने कहा कि गुर्जरों को परमिट किसी और जगह के जारी किए गए हैं और यहां अवैध तरीके से रह रहे हैं, जिसका स्थानीय लोगों की ओर से विरोध किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि घुमंतू गुर्जरों के यहां रहने से गांव में पशुओं के लिए चारे की समस्या भी लगातार बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि गुर्जरों ने वन व विद्युत विभाग की भूमि पर कब्जा किया हुआ है। उसके बावजूद कोई कार्यवाही उनके खिलाफ नहीं हो रही। इस दौरान पड़दूनी और रामपुर भारापुर पंचायतों के ग्रामीण मौजूद रहे।