पत्नी के नाम पर आटा चक्की चलाने वाले निरीक्षक के खिलाफ मामला दर्ज
HNN/शिमला
राजधानी शिमला के रामपुर में तैनात खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के एक इंस्पेक्टर को पत्नी के नाम पर आटा चक्की चलाते धरा गया है। स्टेट विजिलेंस ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। राम कटोच पर आरोप है कि उसने अपनी ड्यूटी सबलेट की और धोखाधड़ी से वेतन निकालता रहा। इंस्पेक्टर के खिलाफ प्राथमिक जांच में सबूत मिलने पर विजिलेंस ने एफआईआर दर्ज की है।
राम कटोच पर आरोप है कि उसने किसी भी सीनियर अधिकारी को सूचित किए बगैर कुछ कर्मचारी अपने कार्यालय में अस्थाई तौर पर तैनात किए। राम कटोच उन कर्मियों को अपनी जेब से सैलरी देता था। वहीं खुद जिला कुल्लू के एक गांव में अपनी पत्नी के नाम पर आटा चक्की चलाता रहा। मामला विजिलेंस के ध्यान में आया तो इसकी जांच की गई। राम कटोच काफी समय से ड्यूटी पर मौजूद नहीं था।
विजिलेंस ने धोखाधड़ी के इस केस में आईपीसी की धारा 420 और ड्यूटी से अनुपस्थिति की अवधि के दौरान वेतन निकालने पर मामला दर्ज कर लिया है। राम सिंह कटोच लगभग 12 साल से विभाग में सेवाएं दे रहा है। रामपुर में उसे नौकरी करते हुए दो साल से ज्यादा वक्त बीत गया है। राम सिंह कटोच मूल रूप से कुल्लू के आनी का रहने वाला है और वहीं पर आटे की चक्की चला रहा था। विजिलेंस को इंस्पेक्टर की शिकायत मिली थी।