Loading...

पर्यटकों के टेंपो ट्रैवलर में लगी आग, नकदी सहित अंदर रखा सारा सामान राख

PRIYANKA THAKUR • 28 Dec 2022 • 1 Min Read

HNN / मनाली

पर्यटन नगरी मनाली में देर शाम एक टेंपो ट्रैवलर में अचानक आग लग गई। यह टेंपो ट्रैवलर पर्यटकों की थी। इस आगजनी की घटना से करीब पांच लाख का नुक्सान हुआ है। गनीमत यह रही कि आग की चपेट में कोई पर्यटक नहीं आया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। जानकारी के अनुसार टेंपो ट्रैवलर में सवार होकर 8 पर्यटक मनाली की ओर आ रहे थे।

इसी दौरान अचानक चलते टेंपो ट्रैवलर के इंजन में आग लग गई। इंजन में आग लगती देख चालक ने तुरंत पर्यटकों को बाहर निकाला और खुद भी छलांग लगाकर बाहर निकल आया। देखते ही देखते पूरे टेंपो ट्रैवलर में आग लग गई। इसके बाद अग्निशमन केंद्र मनाली को सूचना दी गई, दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया।

उधर, डीएसपी मनाली हेमराज वर्मा ने बताया कि आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है। चालक के 20,000 और एक पर्यटक के 10,000 रुपये जल गए हैं। इसके अलावा एक पर्यटक का आईफोन भी आग में जल गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।