पर्यटकों से गुलजार हुए हिमाचल के पर्यटन स्थल, बाजारों में भी बढ़ी रौनक
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में इस वीकेंड पर सैलानियों का सैलाब उमड़ पड़ा। प्रदेश के तमाम पर्यटन स्थल इन दिनों सैलानियों से गुलजार है जिससे पर्यटन कारोबार को भी संजीवनी मिली है। खासतौर पर पहाड़ों पर हो रही ताजा बर्फबारी के बाद से पर्यटन कारोबार ने एकाएक रफ्तार पकड़ ली है। इतना ही नहीं आगामी दिनों के दौरान भी प्रदेश में सैलानियों का सैलाब उमड़ने की संभावना जताई जा रही है जिससे पर्यटन कारोबार और अधिक गति पकड़ेगा।
शनिवार के बाद रविवार को भी प्रदेश के पर्यटन स्थल सैलानियों से गुजार रहे। जगह-जगह पर सैलानी मस्ती करते हुए देखे गए। प्रदेश में आने वाले वाहनों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। राजधानी शिमला की बात करें तो यहां के तमाम पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार हैं। होटलों में ऑक्युपेंसी भी अच्छी खासी चली हुई है। शहर के तकरीबन सभी होटल पर्यटकों से पैक है।
हालांकि, वीकेंड पर सैलानियों की आवाजाही बढ़ने से जाम की स्थिति बनी हुई है जिससे लोगों को भी भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उधर, ना केवल पर्यटन स्थलों बल्कि बाजारों में भी सैलानियों की चहलकदमी बढ़ी हुई है। कारोबारियों का कहना है कि शादियों के सीजन के बीच अब सैलानियों की आवाजाही बढ़ने से कारोबार में बढ़ोतरी हुई है।